जिला पदाधिकारी ने सिन्हा घाट एवं महुली घाट के साथ विभिन्न घाटों का किया निरीक्षण, छठ व्रतियों के साथ अर्पित किया अर्घ्य
आज दिनांक 16 नवम्बर 2026 को लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर जिला पदाधिकारी, भोजपुर श्री मनेश कुमार मीणा द्वारा गंगा नदी के किनारे स्थित सिन्हा घाट एवं महुली घाट का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान जिला पदाधिकारी ने SDRF की बोट के माध्यम से घाटों का भ्रमण कर छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का अवलोकन किया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने छठ व्रतियों के साथ छठी मैया को अर्घ्य भी अर्पित किया तथा सभी श्रद्धालुओं को लोक आस्था के महापर्व छठ की शुभकामनाएं दीं।
पुलिस अधीक्षक, भोजपुर श्री अवधेश दीक्षित द्वारा भी छठ महापर्व के अवसर पर जिले में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा संबंधित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के लिए जिले के विभिन्न घाटों पर व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। इसके तहत 06 मोटरबोट एवं SDRF की 03 टीमों की तैनाती की गई थी। सभी घाटों पर लाइफ जैकेट के साथ गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। साथ ही, घाटों पर बैरिकेडिंग एवं निरंतर माइकिंग के माध्यम से श्रद्धालुओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे थे।
इस दौरान अपर समाहर्ता, भोजपुर, अनुमंडल पदाधिकारी, आरा सदर, पीरो एवं जगदीशपुर सहित अन्य जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी विभिन्न घाटों पर उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी कर रहे थे तथा छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित कर रहे थे।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तत्परता एवं मुस्तैदी के साथ सुनिश्चित करें, ताकि छठ व्रती एवं श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में महापर्व संपन्न कर सकें।
@iprdbihar
Bhojpur, Bihar | Nov 16, 2026