तेज आवाज में बाजा बजाने का विरोध करने पर युवक की पिटाई, इलाज के दौरान मौत
मोहम्मदी (खीरी)। नगर के मोहल्ला बाजार गंज में करीब दो माह पूर्व तेज आवाज में बाजा बजाने को लेकर हुए विवाद में घायल युवक की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की मां ने आरोपियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला बाजार गंज निवासी अहमद पुत्र रफीक खान की मां को हार्ट (हृदय) की बीमारी थी। दो माह पूर्व पड़ोस में तेज आवाज में बाजा बजने के कारण मां की तबीयत बिगड़ने लगी। अहमद आवाज कम कराने के लिए गया था, जहां विवाद बढ़ने पर दबंगों ने लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी थी।
मारपीट में गंभीर रूप से घायल अहमद का इलाज लखनऊ के एक अस्पताल में चल रहा था, जहां उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से घटना ने गंभीर मोड़ ले लिया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Hardoi, Hardoi | Sep 13, 2026