*डीएम की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई*
*रायबरेली-27 अगस्त 2026,*
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत राजस्व एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों एवं प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने तथा योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय से पहुंचाने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आवासों के सत्यापन कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए, जिससे पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ समय से उपलब्ध कराया जा सके।
आईजीआरएस की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनशिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी दशा में समय सीमा के उपरांत प्रकरण लंबित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार लंबित वादों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अधिक से अधिक वादों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न हो तथा विभागीय कार्यों की नियमित रूप से समीक्षा करते हुए प्रगति में अपेक्षित सुधार लाया जाए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुवे निर्देश दिए गए कि हाउस होल्ड कनेक्शन के कार्य में तेजी लाये, शत प्रतिशत घरों को कवर कर जलापूर्ति सुनिश्चित कराई जाए, इसके साथ ही सड़कों को भी प्राथमिकता से रेस्टोरेशन का कार्य कराया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को सीएम डैशबोर्ड के विभिन्न संकेतकों में जनपद की स्थिति बेहतर करने के लिए माह के अंत तक प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य करने तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं कार्यक्रमों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चन्द्र, उप जिलाधिकारी सदर गौतम सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Rae Bareli, Raebareli | Aug 27, 2026