*शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय किला भवन में प्रवेश मेला का शुभारंभ*
----
*छात्राओं को प्रवेश संबंधी जानकारी प्रदान की गई*
इंदौर, 09 जुलाई 2026
शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय किला भवन में प्राचार्य डॉ. बी. डी. श्रीवास्तव के निर्देशन तथा प्रशासनिक अधिकारी डॉ. वी.पी. बैरागी के मार्गदर्शन में प्रवेश समिति द्वारा नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश मेला का शुभारंभ किया गया। यह प्रवेश मेला गत दिवस से आगामी 15 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। प्रवेश मेले के उद्घाटन अवसर पर महाविद्यालय प्रशासन द्वारा छात्राओं एवं अभिभावकों का स्वागत करते हुए विभिन्न स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, विषय चयन, छात्रवृत्ति योजनाओं तथा महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. बी. डी. श्रीवास्तव ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रवेश मेला छात्राओं को उच्च शिक्षा के अवसरों से जोड़ने तथा उन्हें सही विषय एवं पाठ्यक्रम के चयन में मार्गदर्शन देने का प्रभावी माध्यम है। प्रवेश संबंधी सभी समस्याओं के समाधान हेतु महाविद्यालय में सहायता काउंटर स्थापित किए गए हैं, जहाँ विषय विशेषज्ञ प्राध्यापक एवं कंप्यूटरऑपरेटर्स ने छात्राओं को आवश्यक परामर्श प्रदान कर रहे हैं।
प्रवेश मेले के दौरान छात्राओं को महाविद्यालय की उपलब्धियों, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, खेल सुविधाओं, एनएसएस, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं रोजगारोन्मुखी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी जा रही है। बड़ी संख्या में छात्राओं एवं अभिभावकों ने मेले में सहभागिता कर प्रवेश प्रक्रिया संबंधी जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का आयोजन प्रवेश समिति की संयोजक प्रो. विनीता वर्मा तथा उनकी टीम द्वारा किया गया।
#JansamparkMP
#indore
#इंदौर
Indore, Madhya Pradesh | Jul 9, 2026