श्रावणी मेला 2026: बाबा बैद्यनाथ मंदिर में VIP, VVIP और Out of Turn दर्शन पर रोक, रविवार-सोमवार को शीघ्र दर्शनम भी रहेगा बंद।
देवघर:–विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला :2026 के सफल संचालन व श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर देवघर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। श्रावणी मेला के दौरान द्वादश ज्योतिर्लिंग बाबा बैद्यनाथ मंदिर में VIP, VVIP और Out of Turn दर्शन की सुविधा पूरी तरह बंद रहेगी। इसके साथ ही रविवार और सोमवार को शीघ्र दर्शनम (शीघ्र दर्शन) की सुविधा भी उपलब्ध नहीं होगी। यह निर्णय उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया।
बाबा बैधनाथ मंदिर प्रशासनिक भवन में आयोजित बैठक में पंडा धर्मरक्षणि सभा के अध्यक्ष, महामंत्री, उपाध्यक्ष, सरदार पंडा, तीर्थ-पुरोहित समाज के प्रतिनिधियों एवं पंडा समाज के सदस्यों ने हिस्सा लिया। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और मंदिर व्यवस्था को लेकर विभिन्न सुझाव रखे गए।
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि पंडा समाज और तीर्थ-पुरोहितों द्वारा दिए गए सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा तथा जहां तक संभव होगा, उन्हें लागू कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने श्रावणी मेला के सफल संचालन में पंडा समाज से पूर्ण सहयोग की भी अपील की।
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित तरीके से जलार्पण कराना है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष VIP, VVIP और Out of Turn दर्शन की सुविधा पूरी तरह बंद रखने का निर्णय लिया गया है। साथ ही रविवार और सोमवार को शीघ्र दर्शनम की सुविधा भी बंद रहेगी, ताकि सामान्य श्रद्धालुओं को सुचारु रूप से दर्शन का अवसर मिल सके।
बैठक में उपायुक्त ने बताया कि इस बार श्रावणी मेला और भादो मेला के दौरान आधुनिक तकनीक के माध्यम से सुरक्षा और व्यवस्थाओं की निगरानी की जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि बाबा नगरी आने वाले श्रद्धालु बेहतर अनुभव के साथ सुरक्षित रूप से जलार्पण कर सकें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी सह बाबा मंदिर प्रभारी रवि कुमार, सिविल सर्जन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता मौजूद रहे।
#khabardeogharlive #BabaDhamDeoghar #VIP #sawanmela #DCDeoghar