लोहरदगा में कृषि योजनाओं की समीक्षा, योग्य किसानों तक लाभ पहुंचाने का निर्देश
IHQ PUBLIC INDIA
लोहरदगा। उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में कृषि, मत्स्य, भूमि संरक्षण समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप योजनाओं की उपलब्धि सुनिश्चित करने और पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया।
बैठक में खरीफ-2026 के तहत धान, मक्का एवं मोटे अनाज के लक्ष्य, फसल आच्छादन और बीज वितरण की समीक्षा हुई। संकर धान के लक्ष्य की अपेक्षित उपलब्धि नहीं होने पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया।
केसीसी 2026-27 की समीक्षा के दौरान अक्टूबर माह में रबी फसल के लिए विशेष शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक किसानों के आवेदन प्राप्त करने को कहा गया।
मृदा जांच की समीक्षा में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर मिट्टी के नमूनों का संग्रह और जांच में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, फसल सुरक्षा योजना, झारखंड मिलेट मिशन, पीएम कुसुम योजना और डिजिटल क्रॉप सर्वे की भी समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा वास्तविक रूप से योग्य किसानों को इसका लाभ दिलाने पर जोर दिया। वहीं झारखंड मिलेट मिशन के प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।
मत्स्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जीर्णोद्धार किए गए तालाबों से जुड़े मत्स्यपालकों को योजनाओं का लाभ दिलाने को कहा। भूमि संरक्षण विभाग की मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के लिए भी अधिक से अधिक योग्य किसानों के आवेदन सृजित कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम सहित कृषि, पशुपालन, मत्स्य, भूमि संरक्षण, उद्यान एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे। इस बैठक की जानकारी शनिवार शाम 5 बजे मीडिया को साझा किया गया