न्यायोत्सव विधिक सप्ताह का मैराथन दौड़ के साथ हुआ शुभारंभ
________________
‘सबके लिए न्याय’ का संदेश लेकर सड़क पर दौड़े न्यायाधीश, विद्यार्थी और अधिकारी-कर्मचारी
________________
15 से 20 नवंबर तक आयोजित होगा न्यायोत्सव विधिक सप्ताह, विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को दी जाएगी विधिक जानकारी
________________
प्रधान जिला न्यायाधीश श्री जोशी ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को किया रवाना, विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं और विभागों के प्रतिभागियों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग
________________
खरगोन 15 नवंबर 2026। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मंडलेश्वर द्वारा 15 से 20 नवंबर तक ‘न्यायोत्सव : विधिक सप्ताह’ का आयोजन किया जा रहा है। न्यायोत्सव का शुभारंभ रविवार को ‘न्याय के लिए दौड़’ थीम पर आयोजित मैराथन दौड़ के साथ हुआ। इसका उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक ‘सबके लिए न्याय’ का संदेश पहुंचाना और आम नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों एवं निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं के प्रति जागरूक करना है।
मैराथन दौड़ का शुभारंभ प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अखिलेश जोशी ने विशेष न्यायाधीश श्री अमित रंजन समाधिया, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री राजकुमार चौहान एवं अन्य न्यायाधीशगण की उपस्थिति में एडीआर सेंटर, जिला न्यायालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर किया।
इस अवसर पर प्रधान जिला न्यायाधीश श्री अखिलेश जोशी ने कहा कि मैराथन का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय का संदेश पहुंचाना है। संविधान द्वारा प्रत्येक नागरिक को दिए गए अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी सभी को होनी चाहिए। जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपने कानूनी अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं के प्रति जागरूक होगा, तभी सशक्त एवं न्यायपूर्ण समाज का निर्माण संभव है।
मैराथन में सांदीपनि एकेडमी, एक्सीलेंट एकेडमी, शासकीय महात्मा गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के एनसीसी एवं स्काउट के विद्यार्थी, शासकीय महाविद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवक, पुलिस विभाग, वन विभाग, जेल विभाग, न्यायालयीन कर्मचारी, स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्य, पैरालीगल वॉलंटियर्स, अधिवक्तागण एवं न्यायाधीशगण ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। न्यायाधीश श्री मोहित बड़के ने भी युवाओं के साथ दौड़ लगाकर मैराथन पूरी की।
मैराथन एडीआर सेंटर भवन से प्रारंभ होकर अंबेडकर चौराहा, बस स्टैंड पुलिस चौकी, घंटाघर, राम मंदिर, गंगाझिरा, नवलपुरा एवं मेन रोड होते हुए बस स्टैंड मार्ग से वापस जिला न्यायालय परिसर में समाप्त हुई।
इस अवसर पर चतुर्थ जिला न्यायाधीश श्री सुजीत कुमार सिंह, तृतीय जिला न्यायाधीश श्री रवि झारोला, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्री विजय जोशी, सचिव श्री पुष्पेंद्र गंगारेकर, अधिवक्ता श्री नागेश केवट एवं श्री महिम्न मोयदे, प्रशासनिक अधिकारी श्री शिरीष महाजन, उप प्रशासनिक अधिकारी श्री वी.पी. तिवारी, श्री साजिद खान, थाना प्रभारी श्री पंकज तिवारी, यातायात प्रभारी श्री मुकेश हायरी, शासकीय महाविद्यालय के खेल अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र कुमार सिंह, एमजी स्कूल के क्रीड़ा अधिकारी श्री मुस्ताक पठान, लीगल एड डिफेंस अधिवक्ता श्री रूपेश शर्मा एवं सुश्री निशा कौशल सहित पैरालीगल वॉलंटियर्स एवं एनजीओ के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone
Khargone (West Nimar), Madhya Pradesh | Nov 15, 2026