भरतपुर में 9वीं की छात्रा से गैंगरेप, 4 आरोपी पकड़े, 1 फरार
भरतपुर - जिले में एक 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा से गैंगरेप का मामला सामने आया है। घटना में 5 युवकों के शामिल होने का आरोप है, जिनमें से 4 को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है, जबकि एक आरोपी फरार है।
परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई FIR के अनुसार, पीड़िता रात में घर में सो रही थी। रात करीब 1:30 बजे वह घर के चबूतरे पर बने टॉयलेट के लिए उठी थी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले दो चचेरे भाई और उनके तीन साथी उसे जबरन उठाकर पड़ोस के ही एक मकान में ले गए।
कुछ देर बाद जब परिजन पानी पीने के लिए उठे तो बेटी घर में नहीं मिली। तलाश करने पर पड़ोस के मकान का गेट खुला मिला। परिजनों का आरोप है कि अंदर उनकी बेटी के साथ आरोपियों द्वारा गलत काम किया जा रहा था। परिजनों के शोर मचाने पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए।
ग्रामीणों ने मौके से चार युवकों को पकड़ लिया, जबकि एक युवक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
इस मामले में ग्रामीण सीओ कन्हैया लाल चौधरी ने बताया कि गैंगरेप का मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। नाबालिग का मेडिकल करवा दिया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
Bharatpur, Bharatpur | Oct 7, 2026