#बाइक_छोड़कर_फरार_हुए_चोर..
भरतपुर। लखनपुर थाना क्षेत्र के नगला मई गांव में ग्रामीणों की सतर्कता से चोरी की एक बड़ी वारदात होने से बच गई। बीती रात अज्ञात चोरों ने चार से अधिक खेतों की कोठरियों के जंगलों को तोड़कर अंदर लगी बोरिंग की केबल चोरी कर ली। चोरी की आहट मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत एक-दूसरे को सूचना दी और मौके की ओर दौड़ पड़े। खुद को घिरता देख चोर हड़बड़ाहट में अपनी मोटरसाइकिल और चोरी किया गया सामान चंदन सिंह के खेत में ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही लखनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर चोरों द्वारा छोड़ी गई बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल पुलिस गाड़ी के नंबर के आधार पर अज्ञात चोरों की तलाश और मामले की जांच में जुटी है।
Bharatpur, Bharatpur | Sep 15, 2026