*महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत छात्राओं को किया जागरूक, महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी।*
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार राज्यभर में संचालित "महिला सुरक्षा संकल्प अभियान" के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के सुपरविजन में जिलेभर में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, जागरूकता एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज एम्मानुएल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जेल रोड, धौलपुर में महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में टाउन चौकी प्रभारी श्री लोकेंद्र सिंह सहायक उप निरीक्षक ने विद्यालय की छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ देते हुए महिला हेल्पलाइन नंबर, पुलिस की विभिन्न आपातकालीन सेवाओं तथा महिलाओं के अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी एवं साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने, अजनबियों से सावधानी बरतने तथा किसी भी प्रकार की आपराधिक अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही छात्राओं को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस हर समय उनकी सहायता के लिए तत्पर है तथा प्रत्येक शिकायत पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
टाउन चौकी प्रभारी श्री लोकेंद्र सिंह ने छात्राओं से निर्भीक होकर अपनी समस्याएँ साझा करने तथा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या साइबर अपराध की स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में हेड कांस्टेबल नीरज, हेड कांस्टेबल सुभाष भास्कर, विद्यालय सचिव अमित गर्ग, विद्यालय प्रबंधक जेम्स के. एस., प्रधानाचार्य श्वेता गोस्वामी तथा थाना कोतवाली के सीएलजी सदस्य योगेश शर्मा सहित विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं। धौलपुर पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत पूरे जिले में लगातार ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़े तथा वे अपने अधिकारों एवं उपलब्ध पुलिस सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक होकर सुरक्षित वातावरण में आगे बढ़ सकें।