प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन पर मंगलवार शाम पद्मावत एक्सप्रेस में चढ़ते समय एक अधेड़ प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिर गया। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
यात्रियों ने तुरंत चेन पुलिंग कर ट्रेन को रुकवाया। सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद गंभीर रूप से घायल एजाज अहमद को प्लेटफॉर्म से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने एजाज का उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।यह हादसा मंगलवार शाम करीब पांच बजे हुआ, जब दिल्ली जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस प्रतापगढ़ स्टेशन से रवाना हो रही थी। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के रामपुर गौरी निवासी 45 वर्षीय एजाज अहमद लखनऊ जाने के लिए ट्रेन में सवार होने का प्रयास कर रहे थे। ट्रेन के चलने के दौरान उन्होंने दौड़कर चढ़ने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिर गए।
Pratapgarh, Pratapgarh | Jul 28, 2026