श्रावणी मेला 2026 का भव्य शुभारंभ: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की कई बड़ी घोषणाएं
पटना/सुल्तानगंज, 28 जुलाई 2026: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को भागलपुर के सुल्तानगंज स्थित नमामि गंगे घाट पर विधिवत पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन कर श्रावणी मेला-2026 का भव्य शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि बिहार की सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक परंपरा का जीवंत प्रतीक है। सरकार श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और बेहतर व्यवस्थाओं के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि सुल्तानगंज में अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट, अजगैबीनाथ से अगुवानी घाट तक रोप-वे, भागलपुर से मुंगेर तक 83 किलोमीटर लंबा गंगा पथ (मरीन ड्राइव), इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, नए टाउनशिप और पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगुवानी-सुल्तानगंज गंगा पुल का निर्माण 31 दिसंबर 2027 से पहले पूरा होगा, जबकि सुल्तानगंज-देवघर फोरलेन सड़क का निर्माण बरसात के बाद तेज गति से शुरू किया जाएगा। साथ ही सुल्तानगंज-देवघर नई रेललाइन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अजगैबीनाथ धाम को हरिद्वार की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। यहां दोनों ओर घाट, डॉल्फिन पर्यटन, गंगा पार्क और रोप-वे जैसी परियोजनाओं पर काम होगा। वहीं नाथनगर में विक्रमशिला टाउनशिप, बरियारपुर-मुंगेर में अंग टाउनशिप तथा गोराडीह और असरगंज में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे।
शिक्षा और रोजगार पर भी मुख्यमंत्री ने सरकार की प्राथमिकताएं गिनाईं। उन्होंने बताया कि जिन 211 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज नहीं थे, वहां कॉलेज खोले गए हैं, जबकि 551 मॉडल स्कूलों में नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सरकार अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के लक्ष्य पर काम कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने श्रावणी मेला ऐप और पर्यटन विभाग की पुस्तिका का लोकार्पण किया। इस ऐप के माध्यम से श्रद्धालुओं को यात्रा, सुरक्षा और अन्य आवश्यक जानकारियां उपलब्ध होंगी। इससे पहले उन्होंने कांवरिया पथ पर बने सेवा शिविर का भी उद्घाटन किया और कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में कई मंत्री, सांसद, विधायक, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
Amarpur, Banka | Jul 29, 2026