गिरिराज पूजन और छप्पन भोग की लीला ने मोहा श्रद्धालुओं का मन
@Bareillylive : श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल के तत्वाधान में आयोजित रासलीला एवं भक्त लीला महोत्सव के पांचवें दिन रविवार को गिरिराज पूजन और छप्पन भोग की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। वृंदावन से पधारे स्वामी देवकीनंदन महाराज की मंडली ने कलाकारों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, गोवर्धन पूजा और इंद्र के अहंकार भंग की लीला प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
महाराज जी ने बताया कि द्वापर युग में ब्रजवासी अच्छी वर्षा और उत्तम फसल की कामना से देवराज इंद्र की पूजा करते थे तथा उन्हें छप्पन भोग अर्पित करते थे। भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को समझाया कि इंद्र की पूजा करने के बजाय गिरिराज महाराज की पूजा करनी चाहिए, क्योंकि वे गायों, गोप-गोपियों और ब्रजवासियों की रक्षा करते हैं। श्रीकृष्ण की बात मानकर उस वर्ष ब्रजवासियों ने इंद्र पूजा के स्थान पर गिरिराज जी का पूजन किया और उन्हें छप्पन प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया।
जब देवराज इंद्र को इसकी जानकारी हुई तो वे क्रोधित हो गए। उन्होंने मेघों को आदेश दिया कि ब्रज में मूसलाधार बारिश कर उसे डुबो दिया जाए। इसके बाद तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा शुरू हो गई। ब्रजवासी भयभीत होकर भगवान श्रीकृष्ण की शरण में पहुंचे। तब श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया और सभी ब्रजवासियों से अपने परिवार तथा गायों सहित गिरिराज जी के नीचे आ जाने को कहा।
सात दिनों तक भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों की रक्षा की। अंततः इंद्र को ज्ञात हुआ कि श्रीकृष्ण स्वयं परम भगवान हैं। उनका अहंकार चूर हो गया और उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से क्षमा मांगी। इसके बाद वर्षा बंद हुई और ब्रज में फिर से खुशहाली लौट आई। लीला के दौरान श्रद्धालुओं ने ‘गिरिराज महाराज की जय’ और ‘गिरिराज धरण की जय’ के जयघोष लगाए। आयोजन का समापन प्रसाद एवं भोजन प्रसादी वितरण के साथ हुआ।
मीडिया प्रभारी कैलाश चंद्र शर्मा ने बताया कि रविवार के यजमान परिवारों में आरएस गोयल, संजय शर्मा, संजय झंवर, राकेश कुमार अग्रवाल, राजेंद्र कुमार अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, शिवम अग्रवाल सहित अन्य श्रद्धालु शामिल रहे। आयोजन में कमेटी के जुगल किशोर साबू, मोहन गुप्ता, सुरेश मिन्ना, विकास शर्मा, कैलाश शर्मा, प्रेम शंकर अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, नवीन गोयल, संजय शर्मा, समित अग्रवाल, आशीष मालू, कृष्णा अग्रवाल, संजय अग्रवाल, मुकेश शर्मा, मनोज अग्रवाल, निरंकार ओबेरॉय, सत्य प्रकाश ओबेरॉय, शिव कुमार सिंह, विपिन सक्सेना, रिंकू, शुभम आदि का सहयोग रहा।
उन्होंने बताया कि सोमवार को महिषासुर मर्दिनी मां दुर्गा की लीला का मंचन शाम छह बजे से रात 9:30 बजे तक किया जाएगा।