अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद भड़के लोग, सामान सड़क पर रखकर किया चक्का जाम
मुरैना। शहर के बाढ़ क्रमांक-2 स्थित मुड़ियाखेड़ा में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। कार्रवाई के दौरान प्रशासन और पुलिस ने कथित शासकीय भूमि पर बने एक मकान को खाली कराकर परिवार का सामान बाहर निकलवा दिया।
इससे नाराज प्रभावित परिवार और स्थानीय लोगों ने अपना घरेलू सामान सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उनके साथ जबरन और षड्यंत्रपूर्वक कार्रवाई की गई है। उनका कहना था कि वे वर्षों से इसी मकान में रह रहे हैं और यदि यह भूमि शासकीय है तो पूरे मुड़ियाखेड़ा क्षेत्र की स्थिति की भी समान रूप से जांच की जानी चाहिए।
चक्का जाम के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। मौके पर पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे तथा लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया।