स्कूल जाते समय वज्रपात की चपेट में आए तीन छात्र, एक की मौ*त, दो घायल
शेरघाटी प्रखंड के श्रीरामपुर पंचायत के बेलडीहा गांव में मंगलवार की सुबह स्कूल जा रहे तीन छात्र वज्रपात की चपेट में आ गए। हादसे में 12 वर्षीय अंकुश राज की मौत हो गई, जबकि चुड्डू कुमार (पिता कौलेश्वर मांझी) और अमित कुमार (पिता रविंद्र पासवान) घायल हो गए। तीनों उत्क्रमित प्लस-2 विद्यालय, बीटी बीघा के छात्र थे।
घटना के बाद सभी को अनुमंडलीय अस्पताल, शेरघाटी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने अंकुश को मृत घोषित कर दिया। मृतक अंकुश, राजेश यादव और रेखा देवी का पुत्र था। परिवार में दो भाई और दो बहन हैं, जिनमें एक भाई दिव्यांग है।
मृतक के परिजनों ने अस्पताल में समय पर इलाज नहीं मिलने का आरोप लगाया है। हालांकि चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुदीपा कुमारी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बच्चा अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ चुका था। अस्पताल प्रभारी उदय कुमार ने भी इसकी पुष्टि की।
घटना की सूचना पर अंचल अधिकारी उषा कुमारी मौके पर पहुंचीं और पीड़ित परिवार को आपदा राहत योजना के तहत शीघ्र मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।