धूमधाम से मनाया गयाअंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
सनोज कुमार संगम
रजौली अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इंटर विद्यालय के मैदान में भव्य योग, ध्यान एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम में उपस्थित इंटर विद्यालय के पूर्व प्राचार्य बाल कृष्ण प्रसाद यादव ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। योग शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का सर्वोत्तम माध्यम है।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सेवानिवृत्त नवोदय विद्यालय पटना के ऑर्गेनाइजर सहायक निदेशक अरबिंद कुमार यादव
ने योग के आध्यात्मिक, दार्शनिक एवं वैज्ञानिक स्वरूप पर विस्तृत प्रकाश डाला एवं सेना के सेवानिवृत्त मेजर रामरतन यादव ने
अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय परंपरा में योग का अपना महत्व है।वहीं पतंजलि के योग शिक्षक न्यूटन कुमार ने योग के बारे में बताया कि आदि गुरु भगवान शिव माने जाते हैं, जिन्होंने मानव कल्याण हेतु योग का ज्ञान प्रदान किया। आगे चलकर महर्षि पतंजलि ने योग को व्यवस्थित रूप देते हुए अष्टांग योग का प्रतिपादन किया, जिसमें यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान और समाधि का वर्णन है।
उन्होंने कहा कि आज जब संसार तनाव, अशांति और भौतिकता की चुनौतियों से जूझ रहा है, तब योग मानवता के लिए आशा का प्रकाश बनकर उभरा है। योग व्यक्ति को स्वस्थ शरीर, शांत मन, निर्मल बुद्धि और आध्यात्मिक चेतना प्रदान करता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन योग, प्राणायाम और ध्यान को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।
इस अवसर पर अनेक गणमान्य नागरिक, स्वयंसेवक बंधु एवं समाज के जागरूक लोग उपस्थित रहे।
Rajauli, Nawada | Jun 21, 2026