#बालाघाट
कृषि, खनिज और वनोपज आधारित उद्योगों से बदलेगी बालाघाट की औद्योगिक तस्वीर
कलेक्टर आदित्य सिंह ने उद्यमियों के साथ की बैठक, नए उद्योगों की स्थापना के लिए हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा
जिले में उपलब्ध प्राकृतिक एवं स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग कर औद्योगिक विकास को गति देने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में प्रशासन ने पहल शुरू की है। इसी सिलसिले में कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने 16 नवंबर को जिले के उद्यमियों के साथ बैठक कर औद्योगिक विकास की संभावनाओं, उद्योग स्थापना में आने वाली समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की। कलेक्टर ने उद्यमियों को आश्वस्त किया कि जिले में नए उद्योग स्थापित करने के लिए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि बालाघाट जिले में कृषि उत्पादों, खनिज संसाधनों, वनोपज और अन्य स्थानीय सामग्रियों पर आधारित लघु, मध्यम एवं बड़े उद्योगों की स्थापना की अपार संभावनाएं हैं। इन संसाधनों का स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन कर नए व्यवसाय विकसित किए जा सकते हैं। इससे जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने विशेष रूप से कृषि, बायोमास, मैंगनीज और मिलेट आधारित उद्योगों की संभावनाओं पर ध्यान केंद्रित करने की बात कही।
जिले में विकसित किए जा रहे नए औद्योगिक क्षेत्र
बैठक में जिले में औद्योगिक अधोसंरचना के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई। बताया गया कि बालाघाट, गर्रा, कनकी एवं सरंडी के अर्द्धशहरी क्षेत्रों में औद्योगिक क्षेत्र स्थापित हैं। कनकी औद्योगिक क्षेत्र में उद्यमियों को 79 भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त जिले में औद्योगिक गतिविधियों को विस्तार देने के लिए तिरोड़ी तहसील के ग्राम कपूरबिहरी, बैहर तहसील के ग्राम मोहबट्टा, परसवाड़ा तहसील के ग्राम गुदमा तथा लांजी तहसील के ग्राम घोटी-घुसमारा में नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जा रहे हैं। वहीं ग्राम एकोड़ी में लॉ क्लस्टर की स्थापना की प्रक्रिया भी चल रही है। इन औद्योगिक क्षेत्रों के विकसित होने से नए निवेश और उद्यम स्थापना के लिए आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
बिजली, बैंक ऋण और प्रशिक्षित युवाओं की उपलब्धता का मुद्दा उठा
बैठक में उद्यमियों ने उद्योगों के संचालन और विस्तार में आ रही व्यावहारिक समस्याओं की ओर कलेक्टर का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि उद्योगों को उनकी आवश्यकता के अनुसार अधिक क्षमता की विद्युत आपूर्ति, रेलवे पार्सल सुविधा, बैंक ऋण की सुगम उपलब्धता तथा आईटीआई के माध्यम से प्रशिक्षित युवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तो जिले में औद्योगिक गतिविधियों को काफी गति मिल सकती है। उद्यमियों ने इस बात पर भी जोर दिया कि उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप स्थानीय युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाए, जिससे उन्हें रोजगार मिल सके और उद्योगों को कुशल मानव संसाधन उपलब्ध हो सके।
कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने उद्यमियों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक समन्वय के साथ समाधान की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने उद्यमियों से कहा कि वे जिले में उद्योग एवं व्यवसाय स्थापित करने के लिए आगे आएं। प्रशासन उनकी समस्याओं के निराकरण और शासकीय योजनाओं के माध्यम से उद्योग स्थापना में सहयोग प्रदान करेगा।
बैठक में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक श्रीमती प्रीति मर्सकोले, बालाघाट चेंबर ऑफ कॉमर्स के श्री अभय सेठिया, लघु उद्योग भारती के श्री सुधीर जैन, प्रगतिशील कृषक श्री गौरीशंकर मोहारे, विभिन्न उद्योगों से जुड़े उद्यमी तथा वाणिज्य कर विभाग एवं विद्युत मंडल के अधिकारी उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #minmpmsme
Balaghat, Madhya Pradesh | Nov 16, 2026