पलवल पुलिस की गौ-मांस तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: होडल थाना पुलिस ने 21 टन प्रतिबंधित गौ-मांस से लदा ट्रक पकड़ा, चालक गिरफ्तार
'डॉग एंड कैट फूड (एनिमल फीड)' के फर्जी बिल की आड़ में की जा रही थी तस्करी, मुस्तैद पलवल पुलिस ने गौ-मांस तस्करी के नापाक मंसूबों को किया नाकाम।
पलवल पुलिस गोवंश के अवैध व्यापार, तस्करी और गोहत्या जैसी गतिविधियों के खिलाफ पूरी तरह 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर कार्य कर रही है – नीतीश अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक, पलवल।
पुलिस प्रवक्ता कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक पलवल श्री नीतीश अग्रवाल, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में अपराध और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना होडल पुलिस ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित गौ-मांस से भरे एक रेफ्रिजरेटेड ट्रक को पकड़ने में बड़ी सफलता प्राप्त की है। इस कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक को भी गिरफ्तार किया गया।
गुप्त सूचना पर करमन बॉर्डर के पास की गई नाकाबंदी
थाना होडल प्रभारी निरीक्षक सुन्दर पाल के अनुसार, 23 जून 2026 की रात्रि उन्हें गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि करमन बॉर्डर की ओर से एक बंद बॉडी रेफ्रिजरेटेड ट्रक (रजिस्ट्रेशन नंबर: GJ-04-AW-0023), जिसमें अवैध रूप से गौ-मांस भरा हुआ है, आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-19 स्थित करमन बॉर्डर के समीप नाकाबंदी की।
कुछ समय बाद संदिग्ध ट्रक वहां पहुंचा। पुलिस द्वारा रुकने का संकेत देने पर चालक ने ट्रक रोक दिया।
फर्जी बिल की आड़ में की जा रही थी तस्करी
पूछताछ के दौरान चालक ने अपनी पहचान कोक सिंह, निवासी ग्राम जमौड़ी, जिला देवास (मध्य प्रदेश) के रूप में बताई। ट्रक में लदे माल के संबंध में दस्तावेज मांगने पर उसने एक बिल प्रस्तुत किया, जिस पर 'Dog & Cat Food (Animal Feed)' अंकित था। पुलिस को संदेह होने पर ट्रक को कब्जे में लेकर जांच की गई।
वैज्ञानिक जांच में हुई गौ-मांस की पुष्टि
नियमानुसार पशु चिकित्सक की उपस्थिति में ट्रक खोलकर मांस के नमूने लिए गए और उन्हें वैज्ञानिक परीक्षण हेतु पशुपालन एवं डेयरी विभाग, हरियाणा की मॉलिक्यूलर बायोलॉजिकल डीएनए प्रयोगशाला, फरीदाबाद भेजा गया।
28 जून 2026 को प्राप्त आधिकारिक जांच रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि ट्रक में रखा गया प्रतिबंधित मांस गौ-मांस (Cow/Ox Meat) था।
जांच में ट्रक से 21,000 किलोग्राम (21 टन) गौ-मांस बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है। इसके अतिरिक्त तस्करी में प्रयुक्त भारत बेंज ट्रक, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है, को भी जब्त कर लिया गया।
सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज
वैज्ञानिक पुष्टि के उपरांत आरोपी चालक कोक सिंह के विरुद्ध थाना होडल में हरियाणा गौवंश संरक्षण एवं गौसंवर्धन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की भी जांच की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस अधीक्षक का संदेश
पुलिस अधीक्षक श्री नीतीश अग्रवाल ने कहा कि पलवल पुलिस गोवंश के अवैध व्यापार, तस्करी और गोहत्या जैसी गतिविधियों के विरुद्ध पूरी तरह 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर कार्य कर रही है। कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Palwal, Palwal | Jun 29, 2026