आप सरकार द्वारा सफाई सेवकों के हित में ऐतिहासिक फैसले : विधायक कुलजीत सिंह रंधावा
नाराज़ पक्षों से हड़ताल की बजाय बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील।
विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने माइनिंग माफिया और नाजायज़ शराब के ठेकेदारों को भी दी चेतावनी।
डेराबस्सी, 31 जुलाई:
डेराबस्सी हलके के विधायक सरदार कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने सफाई सेवकों और सीवरमैनों के हितों की रक्षा के लिए ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। उन्होंने नाराज़ पक्षों से अपील की कि हड़ताल का रास्ता छोड़कर बातचीत के माध्यम से समाधान निकाला जाए ताकि आम जनता को सफाई जैसी बुनियादी सेवाओं में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
विधायक रंधावा ने कहा कि सफाई सेवक समाज की रीढ़ हैं और उनकी सेवाएं अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पंजाब सरकार ने उनकी मासिक तनख्वाह 10 हजार 500 रुपये से बढ़ाकर 20 हजार 500रुपये करने का ऐतिहासिक फैसला लिया है। इसके अलावा ठेकेदारी व्यवस्था को समाप्त करते हुए तीन वर्ष की सेवा पूरी कर चुके आउटसोर्स कर्मचारियों को सीधे सरकारी अनुबंध पर लाने तथा पांच वर्ष की सेवा पूरी करने वालों को नियमित करने के लिए भी स्पष्ट नीति बनाई गई है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने हमेशा कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान बातचीत के माध्यम से किया है। बिजली बोर्ड, आम आदमी क्लीनिकों और मनरेगा सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की जायज़ मांगों को भी संवाद के जरिए पूरा किया गया है। उन्होंने सफाई सेवकों और यूनियन नेताओं से अपील की कि वे काम पर लौटें और अपनी जायज़ मांगों को सरकार के साथ बातचीत के जरिए हल करवाएं।
विधायक रंधावा ने कहा कि भगवंत मान सरकार जनकल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पंजाब में बिजली ढांचे को मजबूत बनाने के लिए बड़े स्तर पर निवेश किया जा रहा है। वहीं, मानसून को देखते हुए ड्रेनों की सफाई, डी-सिल्टिंग और अन्य आवश्यक कार्य पहले ही पूरे कर लिए गए हैं ताकि लोगों को जलभराव जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा 300 यूनिट मुफ्त बिजली, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज, आम आदमी क्लीनिकों में मुफ्त दवाइयां और जांच सहित जनहित की अनेक योजनाएं सफलतापूर्वक चलाई जा रही हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सफाई सेवकों की जायज़ मांगों का समाधान भी बातचीत के माध्यम से शीघ्र किया जाएगा और पंजाब सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
इस अवसर पर डेराबस्सी, ज़ीरकपुर और लालड़ू की तीनों नगर परिषदों के अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षद, आम आदमी पार्टी के नेता तथा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
(रिपोर्ट ब्यूरो चीफ राकेश गांधी)