हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर दर्दनाक हादसा बहादराबाद टोल प्लाजा के पिलर से टकराया बस यात्री का हाथ, हड्डी टूटी और नसें फटी
हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर दर्दनाक हादसा बहादराबाद टोल प्लाजा के पिलर से टकराया बस यात्री का हाथ, हड्डी टूटी और नसें फटी हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर बहादराबाद टोल प्लाजा पर हुए दर्दनाक हादसे में एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। बस से बाहर निकला उसका हाथ टोल प्लाजा के पिलर (खंभे) से टकरा गया, जिसके चलते एक हाथ फ्रैक्चर होने के साथ-साथ लटक गया। घायल यात्री को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। रुड़की की ओर जा रही रोडवेज बस जैसे ही टोल बूथ नंबर-11 पर पहुंची, चालक ने टोल भुगतान के लिए बस रोकी। इसी दौरान बस में बैठा एक यात्री अपने एक हाथ में कोल्ड ड्रिंक पकड़े था और दूसरा हाथ खिड़की से बाहर निकाल रखा था। बस के धीमा होने पर बाहर निकला हाथ टोल प्लाजा की छत को सहारा देने वाले पिलर से जोरदार तरीके से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि यात्री के हाथ की हड्डी टूट गई और नसें भी फट गईं। खून बहता देख वह चीखने लगा, जिससे बस में अफरातफरी मच गई। चालक ने तत्काल बस रोकी और टोल प्लाजा कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायल को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस यात्री की पहचान में जुटी है।