शासकीय कन्या शासकीय महाविद्यालय बड़वानी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विभाग द्वारा विधिक साक्षरता, सड़क सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
बड़वानी 17 नवंबर 2026/म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्री महेन्द्र कुमार जैन के मार्गदर्शन में शासकीय कन्या महाविद्यालय, बड़वानी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बड़वानी द्वारा विधिक साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री कपिल वर्मा, जिला न्यायाधीश एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बडवानी, विशेष अतिथि श्री रोबिन दयाल सिंह, जिला विधिक सहायता अधिकारी तथा महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. कविता भदौरिया द्वारा भी सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। प्राचार्य डॉ. कविता भदौरिया ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं आत्मीय स्वागत करते हुए विधिक साक्षरता कार्यक्रम की आवश्यकता एवं प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को उनके सामाजिक, नैतिक एवं संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना भी है। विधिक साक्षरता छात्राओं को आत्मविश्वास प्रदान करती है तथा उन्हें विपरीत परिस्थितियों में उचित निर्णय लेने के लिए सक्षम बनाती है।
समानता का अधिकार एवं महिला सुरक्षा कानूनों की दी जानकारी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री कपिल वर्मा ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में छात्राओं को भारतीय संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों की जानकारी देते हुए अनुच्छेद 14 के अंतर्गत समानता के अधिकार को विस्तार से समझाया। कार्यक्रम में माननीय जिला न्यायाधीश एवं सचिव श्री कपिल वर्मा द्वारा विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा का अधिकार अधिनियम, बाल अधिकार, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, बाल श्रम से संबंधित कानूनों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने, सम्मानपूर्वक जीवन जीने तथा शोषण एवं अपराधों से संरक्षण प्राप्त करने का अधिकार है। साथ ही विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार के शोषण, उत्पीडन अथवा अनुचित व्यवहार की स्थिति में चुप न रहकर अपने अभिभावकों एवं शिक्षकों को इसकी जानकारी देने के लिए प्रेरित किया।
जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री रॉबिन दयाल द्वारा साइबर सुख्क्षा के संबंध में विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, अनजान लिंक, ओटीपी साझा करने से होने वाले नुकसान तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग के संबंध में जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग तथा वाहन चलाने के लिए वैध ड्राइविंग लाइसेंस एवं आवश्यक दस्तावेजों के महत्व के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों को उनके विधिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए कानून का पालन करने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। श्विद्यार्थियों को विभिन्न चर्चाओं एवं गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने तथा अपने आसपास घटित होने वाली कानूनी समस्याओं के प्रति सजग रहने की समझाइश दी गई।
प्रशासनिक अधिकारी डॉ. एन.एल. गुप्ता ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान की। उन्होंने विधिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में ऐसे आयोजनों की उपयोगिता को रेखांकित किया।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम प्रभारी डॉ. सुनीता भायल ने किया एवं आभार डॉ. इन्दु डावर ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रही। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को विधिक अधिकारों एवं कानूनों की जानकारी प्रदान कर उन्हें जागरूक, सजग, सुरक्षित एवं सशक्त नागरिक बनाना रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय के स्टॉफ एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं।
Barwani, Madhya Pradesh | Nov 17, 2026