टीबी मुक्त बनाने के लिए जिला पदाधिकारी गंभीर 124% स्कैनिंग पर थपथपाई पीठ, एक्स-रे कार्य में ढिलाई पर दी सख्त चेतावनी।
आज दिनांक 17 जुलाई 2026 को
राष्ट्रव्यापी 'टीबी मुक्त भारत अभियान' को धरातल पर उतारने और जिले को इस बीमारी से पूरी तरह निजात दिलाने के लिए शेखपुरा जिला प्रशासन का पैनी नजर है। जिला पदाधिकारी महोदय श्री शेखर आनंद की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में टीवी मुक्त अभियान की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई और अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी महोदय ने जिले में अब तक हुए कार्यों का लेखा-जोखा लिया। समीक्षा में पाया गया कि जिले के सभी प्रखंडों में टीबी मरीजों की खोज के लिए की जा रही और स्कैनिंग का काम काफी शानदार रहा है। जिले ने लक्ष्य के मुकाबले 124 प्रतिशत स्कैनिंग का काम पूरा कर लिया है, जिस पर जिला पदाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया।
हालांकि, मरीजों की पहचान के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एक्स-रे (X-Ray) कार्य की रफ्तार काफी धीमी पाई गई। इस पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए जिला पदाधिकारी महोदय ने सख्त लहजे में कहा कि
"एक्स-रे के कार्य में तत्काल तेजी लाई जाए। यदि इस कार्य में सुधार नहीं हुआ और ढिलाई जारी रही, तो इसके लिए सीधे तौर पर संबंधित पदाधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी और उनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।"
उनके द्वारा बताया गया कि जन-प्रतिनिधियों की ली जाएगी मदद, वरीय अधिकारी करेंगे दैनिक मॉनिटरिंग
अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने के लिए जिला पदाधिकारी महोदय ने पंचायती राज व्यवस्था को इससे जोड़ने का निर्देश दिया है। उन्होंने जिला पंचायती राज पदाधिकारी को निर्देशित किया कि वे अपने स्तर से सभी पंचायतों के मुखिया और सरपंचों से संपर्क करें। टीबी मुक्त अभियान में इन स्थानीय जन-प्रतिनिधियों का सक्रिय सहयोग सुनिश्चित कराया जाए ताकि जमीनी स्तर पर जागरूकता फैलाई जा सके।
इसके साथ ही, अभियान की प्रगति पर लगातार नजर रखने के लिए जिला पदाधिकारी ने आदेश दिया कि जिले के वरीय अधिकारियों द्वारा इस अभियान की प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जाएगी।
इस बैठक में प्रशासनिक और स्वास्थ्य विभाग के तमाम आला अधिकारी मौजूद थे, जिनमें मुख्य रूप से शामिल
उप विकास आयुक्त,
सिविल सर्जन,
अपर समाहर्ता (जांच),
जिला भू-अर्जन पदाधिकारी,
भूमि सुधार उप समाहर्ता,अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी,
वरीय उपसमाहर्ता सह जिला गोपनीय प्रभारी पदाधिकारी,
डीआरडीए निदेशक,
अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी
सभी उप स्वास्थ्य केंद्र प्रबंधक तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मी।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी उपस्थित अधिकारियों और प्रबंधकों को आपसी समन्वय बनाकर मिशन मोड में काम करने की हिदायत दी, ताकि शेखपुरा को जल्द से जल्द टीबी मुक्त घोषित किया जा सके।
Sheikhpura, Sheikhpura | Jul 17, 2026