✅ जिला जेल हरदा में बंदियों के विधिक अधिकारों, निशुल्क विधिक सहायता एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता हेतु शिविर आयोजित
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश व अध्यक्ष श्री अरविंद रघुवंशी के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदा द्वारा सोमवार को जिला जेल हरदा में बंदियों को उनके विधिक अधिकारों, निशुल्क विधिक सहायता सेवाओं एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किये जाने हेतु विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में जिला न्यायाधीश व सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदा श्री सुरेश कुमार सूर्यवंशी ने बंदियों को उनके संवैधानिक एवं वैधानिक अधिकारों, न्यायालयीन प्रक्रिया, जमानत संबंधी प्रावधानों तथा निशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की पात्रता एवं प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने बंदियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर विधिक सेवा संस्थाओं के माध्यम से निशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया।
शिविर के दौरान बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं भावनात्मक कल्याण के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच, भावनात्मक संतुलन तथा मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया गया। बंदियों को समझाया गया कि मानसिक एवं भावनात्मक रूप से सशक्त रहकर वे अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते है तथा रिहाई के पश्चात समाज की मुख्यधारा में पुनः सम्मिलित होने की दिशा में प्रयास कर सकते है।
जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री सौरभ कुमार दुबे ने निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्रदान की। उन्होने बताया कि कोई भी पात्र व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदा या अन्य विधिक सेवा संस्थान में उपस्थित होकर, पत्र के माध्यम से, नालसा पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर, नालसा टोल फ्री हेल्पलाईन नंबर 15100 पर कॉल कर, विधिक सहायता अथवा सलाह आसानी से प्राप्त कर सकता है। इसके अतिरिक्त बंदियों की समस्याओं एवं जिज्ञासों को गंभीरता से सुना गया तथा उनके निराकरण हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया तथा उन्हे निशुल्क विधिक सहायता सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर लीगल एड डिफेंस काउंसिल्स द्वारा बंदियों को उनके लंबित न्यायालयीन प्रकरणों की स्थिति के संबंध में अवगत कराया गया तथा प्रकरणों के निराकरण एवं न्यायिक प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल श्री जवाहर पारे, डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल श्री अनीस मोहम्मद, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल श्रीमती अंतिमा चोलकर, पैरालीगल वॉलेंटियर एवं जेल स्टॉफ उपस्थित रहा।
Department of Law & Legislative Affairs, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#Harda #हरदा
Harda, Madhya Pradesh | Nov 17, 2026