चूरू में जादूगर विराट देंगे पर्यावरण संरक्षण का संदेश, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्डधारी सुमित सोनी दिखाएंगे अपनी कला का जादू
चूरूः गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्डधारी जादूगर विराट (सुमित सोनी) टाउन हॉल में मैजिक शो के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे। इस शो का उद्घाटन शनिवार शाम को किया जाएगा। शो का उद्घाटन अतिरिक्त जिला कलेक्टर अर्पिता सोनी व जिला शिक्षा अधिकारी सज्जन सिंह सैनी करेंगे। जादूगर सुमित सोनी ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर जानकारी दी कि वे अपने शो के दौरान बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने जैसे सामाजिक संदेश देंगे। उन्होंने बताया कि शो प्रतिदिन अलग-अलग समय पर आयोजित किए जाएंगे। रविवार से प्रतिदिन तीन शो होंगे। पहला शो दोपहर 1 बजे, दूसरा शाम 4 बजे और तीसरा शाम 7ः30 बजे होगा। दोपहर 1 बजे का शो विशेष रूप से पारिवारिक मनोरंजन के लिए होगा, जिसमें बच्चों और परिवारों के लिए कई आकर्षक प्रस्तुतियां होंगी। शो के दौरान दर्शकों को जादूगर की डायनासोर के साथ रोमांचक प्रस्तुति, खाली हाथों से नोटों की बारिश और दर्शकों में से एक युवती को लगभग 10 फीट हवा में उड़ाने जैसे हैरतअंगेज करिश्मे देखने को मिलेंगे। आयोजकों का दावा है कि शो में आधुनिक तकनीक और रोमांच का अनूठा संगम है। उन्होंने कम उम्र में ही गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया है। गौरतलब है कि उनके नाम कुल चार विश्व रिकॉर्ड दर्ज हैं।
#jadugarVirat #jadugar #folowers #nonfollowers #folowerseveryone
Churu, Churu | Jul 25, 2026