🚨 कैथून SOD बार कांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
3 हजार का इनामी बबलू उर्फ गबरिया दबोचा गया, फरारी में चेन स्नेचिंग और बाइक चोरी का भी आरोप
कोटा ग्रामीण पुलिस ने कैथून थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुरा स्थित SOD बार एंड रेस्टोरेंट में चाकूबाजी और तोड़फोड़ के मामले में मुख्य आरोपी बबलू उर्फ गबरिया को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 3 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
16 सितंबर की रात टेबल बदलने की मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि बबलू और उसके साथियों ने कर्मचारियों पर चाकू से हमला किया और रेस्टोरेंट में जमकर तोड़फोड़ की। अगले दिन आरोपी साथियों के साथ कार में सवार होकर दोबारा पहुंचा और तलवार-डंडों के साथ रेस्टोरेंट में हमला व तोड़फोड़ की।
पुलिस ने CCTV, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। मामले में विकास उर्फ विक्की और दीपक उर्फ दीपू कालिया को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध किया गया।
पुलिस से बचने के दौरान बबलू एक पुलिया से कूद गया और घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के बाद 27 सितंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से लूट, वाहन चोरी और मारपीट के कई मामले दर्ज हैं। रामगंजमंडी में चेन स्नेचिंग के मामले में फरार रहने के दौरान कुन्हाड़ी से बाइक चोरी और SOD बार में चाकूबाजी-तोड़फोड़ करने की बात भी प्रारंभिक जांच में सामने आई है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है। फरारी के दौरान की गई अन्य वारदातों और उसके साथियों के नेटवर्क को लेकर भी जांच जारी है।
Ladpura, Kota | Sep 28, 2026