कोडरमा के कॉलेजों को वीबीयू में ही रखने की मांग, भाजपा आंदोलन करेगी
भारतीय जनता पार्टी कोडरमा के जिलाध्यक्ष अनूप जोशी ने प्रेस वार्ता में कहा कि कोडरमा जिले के महाविद्यालयों को विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग में ही यथावत रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जे.सी. बोस विश्वविद्यालय, गिरिडीह से जुड़ने पर विद्यार्थियों को अधिक दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा नए विश्वविद्यालयों के गठन के पक्ष में है, लेकिन छात्रों की सुविधा से समझौता स्वीकार नहीं है। साथ ही झुमरी में उच्च विद्यालय निर्माण में देरी और जिले के कई शैक्षणिक संस्थानों में फैकल्टी बहाली नहीं होने को लेकर राज्य सरकार की आलोचना की।
अनूप जोशी ने बताया कि सांसद सह केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने भी मुख्यमंत्री से इस विषय पर हस्तक्षेप कर कोडरमा के कॉलेजों को विनोबा भावे विश्वविद्यालय में ही बनाए रखने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब तक इस संबंध में आधिकारिक घोषणा नहीं हो जाती, भाजपा चरणबद्ध आंदोलन जारी रखेगी।
प्रेस वार्ता में विजय यादव, नरेंद्र पाल, सुभाष मोदी, सूरज प्रताप मेहता, चन्द्रशेखर जोशी सहित कई भाजपा पदाधिकारी उपस्थित थे।
Koderma, Kodarma | Jun 2, 2026