सावन माह की अंतिम सोमवारी को लेकर डीएम एवं एसपी ने भूतनाथ मंदिर का किया स्थलीय निरीक्षण
सावन माह की अंतिम सोमवारी के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन, भीड़ प्रबंधन एवं विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से नवीन कुमार, जिला पदाधिकारी, किशनगंज एवं संतोष कुमार, पुलिस अधीक्षक, किशनगंज द्वारा भ्रमण कार्यक्रम के दौरान भूतनाथ मंदिर, गौशाला, किशनगंज का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, भीड़ नियंत्रण तथा यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
जिला पदाधिकारी महोदय ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से सुनिश्चित की जाएं।
श्रद्धालुओं के लिए सुगम यातायात व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
भीड़ तंत्र को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की गई है ।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं से अपील की गई कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग एवं व्यवस्था का पालन करें तथा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में पूजा-अर्चना करें।
Dighalbank, Kishanganj | Aug 24, 2026