*धरम सागर एवं महाराज सागर तालाब परिसर सहित मंदिर एवं सार्वजनिक स्थानों पर प्रज्ज्वलित किए गए दीये*
*आशीर्वाद का दीया गतिविधि के तहत आयोजित हुआ दीपोत्सव कार्यक्रम*
-------------------
गुरूवार को सेवा संकल्प अभियान की शुरूआत पर शाम 7 बजे पन्ना नगर सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम हुआ। इस मौके पर जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों सहित विभिन्न संगठनों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम मनाया गया। स्थानीय धरम सागर तालाब परिसर में पन्ना विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम हुआ। इस मौके पर जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र मिश्रा, सतानंद गौतम, नपाध्यक्ष मीना पाण्डेय एवं विष्णु पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी अभिजीत अग्रवाल, कलेक्टर ऊषा परमार, पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू, जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी, अपर कलेक्टर मधुवंतराव धुर्वे, सीएमओ उमाशंकर मिश्रा भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थितजनों ने तालाब एवं घाट परिसर में दीप जलाकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर उनके राष्ट्र एवं जन सेवा कार्यों की सराहना की और विकसित देश एवं प्रदेश के निर्माण में योगदान का संकल्प लिया। कार्यक्रम स्थल पर आकर्षक साज सज्जा के साथ लाइटिंग की गई थी। महिलाओं द्वारा अलग-अलग थीम पर रंगोली भी बनाई गई। इसके अलावा महाराज सागर तालाब परिसर में भी लोगों ने उत्साहपूर्वक आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम में सहभागिता की। नगर के विभिन्न मंदिरों सहित शासकीय संस्थाओं में भी दीप प्रज्ज्वलन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। पवई और गुनौर के मुख्य स्थानों के साथ सभी नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में भी जनसहभागिता से कार्यक्रम हुए।
Panna, Panna | Sep 17, 2026