*UP सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी की पंचम बैठक बस्ती में संपन्न: एकता, सेवा और संस्कार का संकल्प, फिजूलखर्ची बंद करने पर जोर*
*बस्ती उत्तर प्रदेश 12 जुलाई 2026*
*बस्ती।* उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी की पंचम अहम बैठक रविवार को सिमरन पैराडाइज होटल में प्रदेश अध्यक्ष *सरदार हरविंदर सिंह लॉर्ड* की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश के 15 जिलों से आए सिख समाज के प्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं संगत शामिल हुए। बैठक दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक चली। समापन पर गुरु का लंगर भी आयोजित किया गया।
*आयोजक सरदार हरि सिंह बब्लू ने कही ये बात*
बैठक के आयोजक और उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य *सरदार हरि सिंह बब्लू* ने कहा कि यह बैठक सिख समाज को नई दिशा देने और संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि बस्ती जैसे क्षेत्र में प्रदेश स्तरीय बैठक होने से स्थानीय संगत को भी निर्णय प्रक्रिया से जुड़ने का अवसर मिला है। उन्होंने अधिक से अधिक प्रतिनिधियों एवं सिख समाज के लोगों से एकजुट होकर समाजहित में काम करने की अपील की।
*बैठक के 6 मुख्य एजेंडे*
1. *संगठनात्मक विस्तार*: सदस्यता अभियान तेज कर हर जिले में कमेटी को मजबूत करना।
2. *शिक्षा*: स्कूल-कॉलेज, प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग और गरीब बच्चों को निशुल्क शिक्षा।
3. *रोजगार*: युवाओं के लिए स्वरोजगार, स्किल डेवलपमेंट और रोजगार मेले।
4. *महिला सशक्तिकरण*: गुरुद्वारों के माध्यम से "बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ" अभियान चलाना।
5. *गुरुद्वारा प्रबंधन*: पारदर्शिता, डिजिटल रिकॉर्ड और लंगर व्यवस्था को सुव्यवस्थित करना।
6. *समाजहित*: सामाजिक कुरीतियों, नशा मुक्ति और पर्यावरण संरक्षण पर काम।
*सिख समाज को दिया गया संदेश*
प्रदेश अध्यक्ष *सरदार हरविंदर सिंह लॉर्ड* ने अपने संबोधन में सिख समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा एक धार्मिक कमेटी है और इसमें कोई भी धर्म का व्यक्ति सेवा के लिए सिख समाज से जुड़ सकता है। उन्होंने मिलजुलकर विचार कर काम करने पर बल देते हुए कहा कि तभी कामयाबी मिलेगी। उन्होंने समाज में फैली फिजूलखर्ची पर चिंता जताते हुए कहा कि शादी-विवाह में सादगी अपनाई जाए ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार भी अपने बच्चों का विवाह धूमधाम से कर सकें और किसी को यह मलाल न रहे कि "काश मेरे पास पैसा होता"। उन्होंने हर घर में बच्चों को गुरुओं का इतिहास पढ़ाने, आपसी भाईचारा मजबूत करने, सिख मर्यादा के खिलाफ फिल्में न देखने और पश्चिमी सभ्यता से बचने की अपील की। साथ ही गुरुद्वारों में दिखावे से बचते हुए सादा लंगर करने, बच्चों को अच्छे संस्कार देने, धर्म परिवर्तन के प्रति सतर्क रहने और हर काम अरदास से शुरू करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अरदास में बहुत ताकत होती है। वक्ताओं ने यह भी कहा कि *"आज अगर सिख समाज न होता तो हिंदू धर्म भी न बच पाता।"*
*पदाधिकारी और प्रमुख उपस्थिति*
*प्रदेश कमेटी*: अध्यक्ष हरविंदर सिंह लॉर्ड, उत्तर प्रदेश प्रधान
*हरि सिंह बब्लू*, महासचिव धर्मवीर सिंह बग्गा, सुरिंदर पाल सिंह बक्शी। उपाध्यक्ष निर्मल सिंह, मनजीत सिंह तलवार, अवतार सिंह छाबड़ा। सेक्रेटरी स्वर्ण सिंह, जगनयन सिंह।
*बस्ती जिला कमेटी*: जिला अध्यक्ष इंद्रपाल सिंह शैंकी, सेक्रेटरी चरणजीत सिंह जेम्स, उपाध्यक्ष गुरमीत सिंह सन्नी।
गांधी नगर, कंपनी बाग के अलावा प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, गोंडा, नवाबगंज, मनकापुर, अंबेडकर नगर, डुमरियागंज, बढ़नी, संत कबीर नगर, बाँसी, वाल्टरगंज, गोरखपुर, खलीलाबाद, अकबरपुर जिले से सैकड़ों प्रतिनिधि शामिल हुए।
प्रमुख नामों में रविंदर सिंह, अमरजीत सिंह बाबू, लखविंदर सिंह डिक्की, साहिब सिंह, कुलदीप सिंह, राजिंदर सिंह खुराना, मनप्रीत सिंह अंशु, जगनैन सिंह नीतू, हरप्रीत सिंह रिंटू, विक्की सलूजा आदि रहे।
*सरदार हरि सिंह बब्लू - "सेवा ही सच्चा धर्म"*
*सरदार हरि सिंह बब्लू* को समाज में "बब्लू भाई" के नाम से जाना जाता है। कोरोना काल में उन्होंने सैकड़ों जरूरतमंद परिवारों तक राशन-दवा पहुंचाई। बस्ती गुरुद्वारा में पारदर्शिता और लंगर व्यवस्था सुधारने में उनका अहम योगदान है। वे रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर और युवाओं को खेल-शिक्षा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं। स्थानीय संगत का मानना है कि उनके नेतृत्व में बस्ती सिख समाज का मजबूत केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम का समापन अरदास के साथ हुआ। आयोजकों ने सभी प्रतिनिधियों के लिए लंगर की समुचित व्यवस्था की थी।
*संवाददाता: हरी ओम प्रकाश*
*राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत*
-
Basti, Basti | Jul 12, 2026