इसी कड़ी में आज हरिद्वार के प्रमुख शंकराचार्य चौक पर एक बेहद सराहनीय नज़ारा देखने को मिला। यहाँ हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने खुद सड़कों पर उतरकर गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों का आत्मीय स्वागत किया। डीएम और एसएसपी ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की और उन्हें अपने हाथों से अल्पाहार तथा फल वितरित किए। अधिकारियों को अपने बीच पाकर और इस तरह का आतिथ्य-सत्कार देखकर शिवभक्त कांवड़ियों के चेहरे भी खिल उठे। जानकारी देते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि कांवड़ मेला 2026 का आज चौथा दिन है और अब तक लगभग 45 लाख श्रद्धालु जल भरकर अपने गंतव्य की ओर जा चुके हैं । प्रशासन की ओर से सुरक्षा, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आज शंकराचार्य चौक पर शिवभक्तों का स्वागत कर उन्हें अल्पाहार दिया गया है। पूरी यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए पूरा प्रशासनिक अमला 24 घंटे मुस्तैद है।