#भरतपुर। भरतपुर विकास प्राधिकरण की योजना ट्रांसपोर्ट नगर फेज-1 में सड़क मार्गाधिकार पर लंबे समय से अनाधिकृत रूप से खड़े वाहनों और रिपेयर यार्ड के बाहर सार्वजनिक स्थान पर हो रही वाहनों की मरम्मत के कारण आमजन व व्यापारियों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी। यातायात व्यवस्था बाधित होने की समस्या को देखते हुए प्राधिकरण के प्रभारी अधिकारी (अतिक्रमण) मनीष कुमार मीना, अधिशासी अभियंता, सचिवालय विभाग, यातायात पुलिस एवं थाना कोतवाली की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए सड़क पर खड़े वाहनों को हटवाया। बीडीए ने आमजन, वाहन चालकों व व्यापारियों से अपील की है कि वे सड़क पर अनाधिकृत वाहन न खड़े करें, रिपेयर यार्ड के अंदर निर्धारित स्थान पर ही मरम्मत कार्य करें और अस्थायी दुकानदार स्वयं अपना अतिक्रमण हटा लें। प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि भविष्य में सड़क मार्गाधिकार पर वाहन खड़े मिलने या बाहर मरम्मत कार्य किए जाने पर संबंधित वाहन मालिकों व दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Bharatpur, Bharatpur | Nov 20, 2026