बदहाल सड़क
सोनकच्छ विधानसभा क्षेत्र में डकाचिया फाटा से पोलाय जागीर तक करीब 3.86 किलोमीटर लंबी सड़क बदहाल हो चुकी है। पिछले दो वर्षों से सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद स्थिति और खराब हो गई है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क से डकाचिया, पोलाय जागीर, बावई सहित आसपास के कई गांव सोनकच्छ तहसील और इंदौर-भोपाल हाईवे से जुड़े हैं। पहले सोनकच्छ पहुंचने में 10 मिनट लगते थे, लेकिन अब जर्जर सड़क के कारण 30 मिनट से अधिक समय लग रहा है।
पूर्व सरपंच मनोहर यादव सहित ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। वहीं, डकाचिया-पोलाय जागीर के बीच नाले पर बनी पुलिया भी क्षतिग्रस्त है और रेलिंग नहीं होने से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने सड़क का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की है।