दातुन तोड़ने के विवाद में वनरक्षक पर छात्र से मारपीट का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश
पनियरा (महराजगंज)। बांकी रेंज पनियराअंतर्गत धवई बीट में तैनात वनरक्षक पर एक छात्र से कथित मारपीट का आरोप लगने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। घटना को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जंगल से सटे बभनौली गांव निवासी छात्र अजय ने आरोप लगाया कि वह प्रतिदिन की तरह सुबह दौड़ लगाने के लिए जंगल गया था। इसी दौरान उसने दातुन के लिए एक टहनी तोड़ ली। छात्र का आरोप है कि इसे देखकर वहां मौजूद वनरक्षक विशाल गौड़ ने पहले उसके साथ हाथापाई की और बाद में डंडे से मारपीट की।
घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। उनका कहना है कि यदि छात्र से कोई गलती हुई भी थी तो उसके साथ मारपीट करने के बजाय नियमानुसार समझाइश दी जानी चाहिए थी।
इस संबंध में उप वन क्षेत्राधिकारी मनीष तिवारी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि जंगल से पौधों की टहनियां तोड़कर दातुन करना नियमों के विरुद्ध है, हालांकि उन्होंने छात्र के साथ मारपीट की घटना से इनकार किया। वही इस संबंध में डीएफओ गोरखपुर शुभम सिंह का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Public maharajganj #NewsUpdate #paniyara #Maharajganj #forest #forestlife #viralnews #everyone #follower #nonfollowers #Update
Maharajganj, Maharajganj | Aug 3, 2026