#सेवा_संकल्प_अभियान के तहत प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में कैरियर काउंसलिंग आयोजित
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के निर्देशन एवं प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस की प्राचार्या के समन्वय से महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिला रोजगार अधिकारी श्री बी.एस. मीना ने छात्र-छात्राओं को मोबाइल का सदुपयोग करते हुए अपने कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रोजगार प्राप्त करने के लिए कौशल विकास का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न कौशल विकास केंद्रों की जानकारी देने के साथ ही स्वरोजगार के लिए शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से भी अवगत कराया।
कैरियर काउंसलिंग विशेषज्ञ एवं दूरदर्शन के पूर्व वक्ता श्री एस.के. सक्सेना ने विद्यार्थियों को स्टार्टअप एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं के कैरियर से संबंधित प्रश्नों का समाधान करते हुए उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर डॉ. मनोज भिरौरिया ने विद्यार्थियों को तत्परता के साथ कार्य करने, आलस्य का त्याग करने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शासकीय एवं निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों के साथ-साथ स्वरोजगार के विभिन्न विकल्पों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रम का संचालन पी.जी. कॉलेज से डॉ. प्रभा भिरौरिया द्वारा किया गया।
#Guna CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Gwalior Commissioner
Guna, Madhya Pradesh | Sep 22, 2026