बारिश में बिजली बनी 'मौत का करंट'
डीएम की जनपदवासियों से बड़ी अपील: टूटे तार, पोल और ट्रांसफार्मर से रहें दूर, लापरवाही पड़ सकती है भारी
गाजीपुर | शनिवार, 11 जुलाई 2026
अजीत केआर सिंह
बरसात के मौसम में लगातार हो रहे विद्युत हादसों के बीच जिला प्रशासन ने बड़ा अलर्ट जारी किया है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने शनिवार को प्रेसवार्ता कर जनपदवासियों से साफ शब्दों में कहा कि बारिश के दौरान बिजली के पोल, टूटे तार और ट्रांसफार्मर के पास जाने की भूल जानलेवा साबित हो सकती है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी तरह की विद्युत खराबी की तत्काल सूचना देने की अपील की है।
डीएम ने कहा कि बारिश और तेज हवाओं के कारण बिजली के तार टूटने, पोल में करंट उतरने और ट्रांसफार्मर में फॉल्ट की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में टूटे तार, लटकते केबल या करंट उतरे पोल को छूना मौत को दावत देने जैसा है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को भी बिजली के खतरों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया गया है। कहीं भी टूटे तार, स्पार्किंग, पोल में करंट या ट्रांसफार्मर की खराबी दिखे तो तत्काल 9453047253 पर सूचना दें। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी।
उन्होंने बताया कि बिजली विभाग की लापरवाही या उपकरणों में खराबी के कारण किसी व्यक्ति की मौत होने पर नियमानुसार ₹5 लाख की आर्थिक सहायता मृतक के आश्रितों को दी जाएगी। वहीं घर के भीतर खराब वायरिंग या व्यक्तिगत लापरवाही से हुए हादसों पर विभाग की ओर से कोई क्षतिपूर्ति नहीं मिलेगी।
डीएम ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को जर्जर तारों और झुके हुए पोलों को तत्काल बदलने, फील्ड में लगातार निरीक्षण करने और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई होगी।
इनसेट-1 : 24×7 कंट्रोल रूम
बरसात में कहीं भी टूटे तार, पोल में करंट, स्पार्किंग या ट्रांसफार्मर में खराबी दिखाई दे तो तत्काल 9453047253 पर सूचना दें। शिकायत मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंचेगी।
इनसेट-2 : विभागीय लापरवाही पर ₹5 लाख
यदि बिजली विभाग की लापरवाही या जर्जर उपकरण के कारण किसी व्यक्ति की मृत्यु होती है तो मृतक के आश्रितों को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी। घर के अंदर खराब वायरिंग या निजी लापरवाही से हुए हादसों पर यह सहायता नहीं मिलेगी।
इनसेट-3 : बरसात में रखें ये 5 सावधानियां
- टूटे या लटकते बिजली के तारों को बिल्कुल न छुएं।
- जलभराव वाले स्थानों पर लगे पोल और ट्रांसफार्मर से दूर रहें।
- गीले हाथों से स्विच या बिजली के उपकरण न चलाएं।
- बच्चों को बिजली के तारों के पास खेलने या पतंग उड़ाने न दें।
- किसी भी विद्युत खराबी की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दें।
कोट
"जनसहयोग से ही विद्युत दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। थोड़ी सी सावधानी बड़ी दुर्घटना से बचा सकती है