उरई में वृक्षारोपण महायज्ञ के तहत सहजन के पौधों का हुआ वितरण, बच्चों को बताए गए इसके स्वास्थ्य लाभ
उरई (जालौन)। उत्तर प्रदेश सरकार के वृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत सोमवार को उरई में वृक्षारोपण महायज्ञ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सहजन (मोरिंगा) के पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पोषण और स्वास्थ्य के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में सरस्वती विद्या मंदिर से आए विद्यार्थियों को एक-एक सहजन का पौधा भेंट किया गया। बच्चों को पौधे लगाने, उनका संरक्षण करने और सहजन के नियमित उपयोग के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
मुख्य अतिथि मुख्य वन संरक्षक एच. गिरीश ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सहजन केवल एक वृक्ष नहीं, बल्कि पोषण और स्वास्थ्य का महत्वपूर्ण स्रोत है। उन्होंने बच्चों से अपने घरों और आसपास सहजन के पौधे लगाने तथा इसकी खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि हर परिवार सहजन का एक पौधा लगाए, तो यह पर्यावरण संरक्षण के साथ लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।
प्रभागीय वन अधिकारी प्रदीप यादव ने विद्यार्थियों को सहजन के पौधे वितरित करते हुए उन्हें पौधों की देखभाल करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने बताया कि सहजन विटामिन A, C और E, कैल्शियम, आयरन, पोटैशियम तथा प्रोटीन जैसे पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसके सेवन से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, हड्डियों को मजबूत बनाने, पाचन तंत्र को बेहतर रखने, शरीर को एंटीऑक्सीडेंट सुरक्षा प्रदान करने तथा हीमोग्लोबिन बढ़ाने में सहायता मिल सकती है। साथ ही यह ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित रखने में भी सहायक माना जाता है।
कार्यक्रम में उप प्रभागीय वन अधिकारी रवी मोहन कटिहार, उप प्रभागीय वन अधिकारी सुबोध कुमार शुक्ला, क्षेत्रीय वनाधिकारी ओम प्रकाश वर्मा, वन दरोगा सुनील कुमार, सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य ओमप्रकाश उदैनिया सहित विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Jalaun, Jalaun | Jul 16, 2026