दरभंगा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के कठहलिया गांव में विश्वकर्मा पूजा की मूर्ति विसर्जन के रूट को लेकर चल रहे विवाद पर प्रशासन ने अब अपना फैसला स्पष्ट कर दिया है।
पुलिस प्रशासन की ओर से मामले की उच्चस्तरीय जांच और प्रस्तावित विसर्जन रूट का निरीक्षण करने के बाद नए रूट से मूर्ति विसर्जन की अनुमति देने का निर्णय लिया गया है।
इसी को लेकर आज सदर-2 एसडीपीओ एसके सुमन की अध्यक्षता में कठहलिया में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रही। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों ने पूरे प्रस्तावित नए विसर्जन रूट का जायजा लिया।
मौके पर एसडीपीओ एसके सुमन ने बताया कि यह नई पूजा है और पूजा समिति की ओर से प्रशासन के समक्ष नए रूट से मूर्ति विसर्जन करने का प्रस्ताव रखा गया था। इसके बाद मामले की उच्चस्तरीय जांच की गई और प्रस्तावित रूट का स्थल निरीक्षण भी कराया गया।
जांच और निरीक्षण के बाद प्रशासन की ओर से निर्णय लिया गया कि पूजा समिति को नए निर्धारित रूट से मूर्ति विसर्जन करने की अनुमति दी जाएगी।
हालांकि, प्रशासन के इस फैसले के बाद भी विवाद पूरी तरह खत्म होता नजर नहीं आ रहा है। एक पक्ष के लोगों ने नए विसर्जन रूट पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि पहले से जिस रूट से विसर्जन कराया जाता रहा है, उसी निर्धारित रूट से मूर्ति विसर्जन कराया जाना चाहिए।
आपत्ति जताने वाले लोगों ने प्रशासन के फैसले पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि नए रूट को लेकर उनकी सहमति नहीं है और प्रशासन की ओर से मनमाने तरीके से फैसला लिया जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों पर प्रशासन का पक्ष यह है कि रूट को लेकर जांच और स्थल निरीक्षण के बाद ही निर्णय लिया गया है।
इधर, किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने मौके पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की है। अधिकारियों की ओर से पूरे इलाके में फ्लैग मार्च किया गया और लोगों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई।
फिलहाल प्रशासन के फैसले के बाद आधिकारिक तौर पर मूर्ति विसर्जन के लिए नया रूट निर्धारित कर दिया गया है, लेकिन एक पक्ष की आपत्ति के कारण मामला संवेदनशील बना हुआ है। अब देखना होगा कि विसर्जन के दौरान प्रशासन इस पूरे मामले को किस तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराता है।