दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस अलर्ट, ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी खुद उतरीं सड़क पर, भरवाड़ा के पूजा पंडालों का किया औचक निरीक्षण
भरवाड़ा न्यूज :- ठाकुर जी
दरभंगा जिले में दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। मंगलवार को ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी ने सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत भरवाड़ा में दुर्गा पूजा पंडालों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीण एसपी ने पंडाल में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पूजा के दौरान उमड़ने वाली भीड़ में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। मेले में मनचलों एवं असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया गया।
ग्रामीण एसपी के इस औचक निरीक्षण से पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता देखने को मिली। वहीं, प्रशासन की इस पहल से पूजा समितियों और श्रद्धालुओं में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ने की उम्मीद है।