कोडरमा जिले के सदर थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी में शनिवार रात 15 दिन के अंदर दूसरी बार चोरी का असफल प्रयास हुआ। चोरों ने स्वास्थ्यकर्मी सुनील कुमार चौधरी के घर को निशाना बनाया, लेकिन घर वालों की सतर्कता के कारण वे भाग निकले। जानकारी के अनुसार सुनील कुमार चौधरी घर से बाहर थे। इसी दौरान दो नकाबपोश चोर चहारदीवारी फांदकर घर में घुसने का प्रयास कर रहे थे। तभी घर में मौजूद बेटी ने उन्हें देख लिया और शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे तो चोर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले न्यू कलोनी में चोरी हुआ है. लगातार दो बार एक ही मोहल्ला को निशाना बनाए जाने से इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। घटना से आक्रोशित लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।