हेरोइन तस्करों पर पंचकूला पुलिस का शिकंजा जारी
20 लाख रुपये से अधिक कीमत की 102.40 ग्राम हेरोइन के साथ कुरुक्षेत्र का तस्कर गिरफ्तार, 72 घंटे में 5 हेरोइन तस्कर गिरफ्तार
सकेतड़ी-किशनगढ़ रोड पर एंटी नारकोटिक सेल ने आरोपी को दबोचा, पंचकूला व आसपास के क्षेत्रों में करता था हेरोइन सप्लाई, आरोपी 3 दिन के पुलिस रिमांड पर
आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हैं 2 मामले, पुलिस खंगाल रही नशा सप्लाई से जुड़े पूरे नेटवर्क की कड़ियां
पंचकूला 16 नवंबर :- पंचकूला पुलिस द्वारा जिले में नशा तस्करी पर अंकुश लगाने और नशे के कारोबार में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में एंटी नारकोटिक सेल ने हेरोइन तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 102 ग्राम 40 मिलीग्राम हेरोइन बरामद की है। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 38 वर्षीय गुरप्रीत सिंह उर्फ गोल्डी निवासी ईस्माइलाबाद, जिला कुरुक्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एमडीसी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
एसीपी क्राइम विक्रम नेहरा के अनुसार एंटी नारकोटिक सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक आज सकेतड़ी से किशनगढ़ रोड स्थित मनसा देवी कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में किसी व्यक्ति को नशीला पदार्थ सप्लाई करने के लिए आने वाला है। सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक सेल इंचार्ज सौरव रावत की अगुवाई में पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक पैदल किशनगढ़-चण्डीगढ़ की तरफ से आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू कर लिया। आरोपी की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ गोल्डी के रुप में की गई। नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 102 ग्राम 40 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ एमडीसी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
डीसीपी अमरिंदर सिंह के अनुसार पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोल्डी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं। आरोपी को आज कोर्ट में पेश कर 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। अब हमारी टीम आरोपी से यह पता लगाने में जुटी है कि वह हेरोइन कहां से प्राप्त करता था और किन क्षेत्रों में किन-किन लोगों को इसकी सप्लाई करता था। नशे के इस कारोबार से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों और उनके ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही संदिग्ध स्थानों पर लगातार दबिश देकर पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि नशा तस्करी केवल एक व्यक्ति का अपराध नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य और समाज की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती है। पंचकूला पुलिस का लक्ष्य केवल नशा बेचने वाले आरोपियों को गिरफ्तार करना नहीं, बल्कि नशे की सप्लाई के स्रोत से लेकर इसके पूरे नेटवर्क में शामिल प्रत्येक व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करना है। हमारी टीमों द्वारा विभिन्न टीमों द्वारा 72 घंटे के अंदर 5 हेरोइन तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। नशा मुक्त और सुरक्षित पंचकूला के निर्माण के लिए पुलिस की कार्रवाई पूरी सख्ती और निरंतरता के साथ जारी रहेगी।
पंचकूला पुलिस आमजन से भी अपील करती है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त या सप्लाई में संलिप्त दिखाई देता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। नशे के खिलाफ इस अभियान में पुलिस के साथ आमजन की भागीदारी भी बेहद महत्वपूर्ण है।
पंचकूला की हर बड़ी खबर के लिए Follow करें।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia
Panchkula, Panchkula | Nov 16, 2026