#भरतपुर। लखनपुर थाना इलाके में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा डेहरा मोड़ चौकी के सामने उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार केंट्रा ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जानकारी के मुताबिक, नदबई के मांझी गांव में चल रहे एक क्रिकेट मैच को देखकर नरेंद्र (45) और गब्बर (40) रात करीब 12 बजे बाइक से भरतपुर की तरफ लौट रहे थे। जैसे ही वे डेहरा मोड़ चौकी के पास पहुंचे, सामने से आ रहे केंट्रा ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। हादसा पुलिस चौकी के ठीक सामने होने के कारण मौके पर तैनात पुलिसकर्मी तुरंत मदद के लिए दौड़े। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए भागने की कोशिश कर रहे केंट्रा ड्राइवर को मौके पर ही दबोच लिया और वाहन को जब्त कर लिया। इसके साथ ही दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए आरबीएम अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद नरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल गब्बर का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
Bharatpur, Bharatpur | Jun 8, 2026