*खनियाधाना में बड़ा हादसा: 11 केवी तार की चपेट में आने से युवक की मौत*
शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र के पनिहारा तिराहा पर रविवार शाम करीब 6 बजे दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रक से सीमेंट उतारते समय 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान हेमंत रजक (26 वर्ष) पुत्र गोपाल रजक, निवासी वार्ड नं. 06 राजबाड़ा मोहल्ला खनियाधाना के रूप में हुई है। वह मजदूरी का काम करता था।जानकारी के अनुसार हेमंत पनिहारा तिराहा पर कम्मा साहू के यहां खड़े ट्रक क्रमांक RJ09 GD 8725 पर चढ़कर सीमेंट की बोरियां उतार रहा था। इसी दौरान ट्रक के आगे बढ़ते ही वह ऊपर से गुजर रही 11 केवी लाइन की चपेट में आ गया। जोरदार करंट लगने से वह नीचे गिर पड़ा।
साथी मजदूर कमल रजक, फूल सिंह रजक और अवधेश रजक ने परिजनों को सूचना दी। परिजन बड़े भाई नीरज रजक के साथ उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।खनियाधाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है।