कश्मीर में कुछ बागवानों द्वारा कच्चा गाला सेब समय से पहले तोड़कर ऊंचे दामों के लालच में मंडियों में भेजने का असर अब पूरे देश के गाला बाजार पर दिखाई दे रहा है। जब बड़ी मात्रा में कच्चा फल बाजार में पहुंचता है, तो उसका सीधा प्रभाव तैयार और उच्च गुणवत्ता वाले गाला सेब के दामों पर पड़ता है।
इस समय हिमाचल का गाला पूरी तरह तैयार है। इसमें बेहतर रंग, अधिक मिठास, अच्छा स्वाद और लंबी शेल्फ लाइफ होती है। इसके विपरीत, कच्चा गाला स्वाद में कमजोर होता है और कुछ दिनों बाद जल्दी सिकुड़ने (श्रिंक) लगता है। इसका नुकसान केवल बागवानों को ही नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं का भरोसा भी कम करता है।
आज स्थिति यह है कि हिमाचल का तैयार गाला और कश्मीर का कच्चा गाला एक ही समय बाजार में आने से दोनों राज्यों के बागवानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऐसे मामलों में केवल अधिक दाम पाने की जल्दबाजी के बजाय पूरे सेब उद्योग और बाजार की साख का भी ध्यान रखना चाहिए।
अब बात हिमाचल के सोशल मीडिया पर सेब उद्योग के बड़े-बड़े ज्ञान देने वाले "गुरुजियों" की। आज हिमाचल के तैयार गाला के रेट डाउन के लिए भी सोशल मीडिया आवाज उठाइए। क्या आपकी जिम्मेदारी सिर्फ नर्सरी बेचना रह गई है?
जब पुलवामा हमला हुआ था, तब सोशल मीडिया पर हिमाचल के गुरुओं रोज पोस्ट डाल कर बड़ी-बड़ी बातें की जाती थीं कि कश्मीर को कोई पौधे और कलमें ने बेचे ,लेकिन आज वही लोग पैसों के लिए वहीं डेरा डाल कर कारोबार कर रहे हैं। व्यापार करना गलत नहीं है, लेकिन अपने ही प्रदेश के बागवानों के हितों पर भी उतनी ही मजबूती से बोलना चाहिए। हिमाचली होने का फर्ज निभाइए। अगर समय से पहले कच्चा फल बाजार में आएगा, तो नुकसान किसी एक राज्य का नहीं, बल्कि पूरे भारतीय सेब उद्योग और सभी बागवानों का होगा। मुद्दा किसी क्षेत्र का नहीं, बल्कि गुणवत्ता, ईमानदारी और बागवानों के भविष्य का है।
सोशल मीडिया पर हिमाचल के सेब उद्योग के बड़े-बड़े जानकारों और स्वयंभू "गुरुओं" को भी इस मुद्दे पर खुलकर बोलना चाहिए। यदि समय से पहले फल तोड़ने जैसी प्रवृत्तियों पर कोई आवाज नहीं उठेगी, तो नुकसान अंततः सभी बागवानों का होगा।
यह किसी एक राज्य के खिलाफ नहीं, बल्कि पूरे भारतीय सेब उद्योग की गुणवत्ता, प्रतिष्ठा और बागवानों के हित की बात है। अच्छी गुणवत्ता वाला, पूरी तरह पका हुआ सेब ही उपभोक्ताओं तक पहुंचे—यही हम सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।
Shimla Urban, Shimla | Aug 2, 2026