भव्य ग्लोबल नृत्य व ड्रोन एवं लेज़र शो होंगे आकर्षण का केंद्र : सुंदर सिंह ठाकुर विधायक एवं अध्यक्ष दशहरा कमेटी
Kullu Times
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा का आयोजन 21 से 27 अक्टूबर तक किया जाएगा। इस वर्ष यह प्रयास किए जा रहे हैं कि बेहतरीन अंतर्राष्ट्रीय सांस्कृतिक दलों की इसमें सहभागिता हो। इस बार एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें भारतीय और विदेशी संस्कृति का मिश्रण प्रस्तुत किया जाएगा तथा इसे ग्लोबल नृत्य के रूप में डिजाइन करके प्रस्तुत किया जायेगा। हर वर्ष की भांति अंतर्राष्ट्रीय नृत्य महोत्सव इस आयोजन का मुख्य आकर्षण है, जिसमें हिमाचल प्रदेश के रंगारंग लोक नृत्यों के साथ-साथ विभिन्न राज्यों की संस्कृति को भी प्रदर्शित किया जाएगा।यह बात विधायक एवं अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष सुंदर सिंह ठाकुर ने अटल सदन में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा की 17वीं शताब्दी से चली आ रही कुल्लू दशहरा की ऐतिहासिक परंपरा की झलक पुरे विश्व स्तर दिखाई दे इसके लिए पूरा प्रयास किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि कुल्लू में लगभग 365 स्थानीय देवी-देवता निवास करते हैं इसलिए इस भूमि को देवभूमि के रूप में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के आयोजन के लिए सभी देवी-देवताओं को निमंत्रण भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि सात दिवसीय यह कार्यक्रम बीते वर्षों की परंपरा के अनुसार मनाया जाएगा, हालांकि इसमें प्रतिवर्ष की तरह और अधिक आकर्षक एवं सुंदर बनाने के प्रयास जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि प्लाटों के आवंटन की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी तथा समावेशी बनाने का प्रयास किया गया है तथा प्लाटों के बेस प्राइस में कोई वृद्धि नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि कुल्लू का दशहरा अपनी अनूठी देव संस्कृति की दृष्टि से सबसे भव्य एवं बड़ा उत्सव है तथा पूरे देश में एक विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि कुल्लू दशहरे में इस बार अंतरराष्ट्रीय स्तर के सांस्कृतिक नृत्य 'ग्लोबल नृत्य' का आयोजन किया जा रहा है। इसमें विभिन्न देशों के सांस्कृतिक दलों सहित भारत के सांस्कृतिक नृत्यों का भव्य सम्मिश्रण होगा तथा इस विशिष्ट आयोजन को लेकर पेशेवर कोरियोग्राफर की मदद ली जाएगी जिससे इस के थीम सॉन्ग को आकर्षक एवं भव्य तरीके से प्रस्तुतीकरण के लिए तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा 'ग्लोबल नृत्य' के माध्यम से विदेश से आए हुए सांस्कृतिक दल कुल्लू की परंपरा से रूबरू होते हुए अपने देश में कुल्लू की संस्कृति का प्रचार प्रसार करने में भी मददगार साबित होंगे। उन्होंने कहा कि इस वर्ष उत्सव के दूसरे, चौथे व छठे दिवस को भव्य ड्रोन शो आयोजन किया जाएगा जिसमें लगभग 500 ड्रोन उड़ा कर सुंदर भव्य प्रदर्शन किया जाएगा इसके साथ ही लेज़र शो का भी भव्य आयोजन किया जाएगा । भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) के सौजन्य से विभिन्न देशों के दल , एनजेडसीसी से राजस्थान, उत्तराखंड , जे एंड के तथा पंजाब केसांस्कृतिक दलों सहित उत्तर भारतीय राज्यों तथा हिमाचल के विभिन्न जिलों के बेहतरीन सांस्कृतिक दलों को भी आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह उत्सव रघुनाथ जी की रथ यात्रा के साथ शुरू होगा और 300 से अधिक स्थानीय देवता इस विशाल कार्यक्रम में भाग लेते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार दशहरा उत्सव में बड़ी संख्या में पर्यटकों के आने की संभावना है इसके लिए उन्होंने जिला के सभी लोगों सहित देव समाज के प्रतिनिधियों से भी इस देव समागम के उत्सव को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील की है।उन्होंने इस दौरान होने वाली खेलकूद गतिविधियों के लिए भी इनाम की राशि बढ़ाने की बात कही। इसके अतिरिक्त दशहरा उत्सव में 19 सरकारी विभागों की प्रदर्शनियों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। बैठक में कानून व्यवस्था सुचारू रखने के लिए होमगार्डस की तैनाती, ट्रैफिक स्वयंसेवक व चेक पोस्ट तथा पार्क पार्किंग की व्यवस्था के संचालन पर भी चर्चा की गई । पुलिस द्वारा कड़ी निगरानी के लिए एक कंट्रोल टावर स्थापित किया जाएगा जहां से पूरे मेला परिसर पर नजर रखी जाएगी । मेले में आने वाले आम लोगों की सुविधा के लिए 30 इलेक्ट्रिक बसों को विशेष रूप से चलाया जाएगा तथा आनी- निरमंड ,मणिकरण, लग तथा उझी घाटी के लिए भी विशेष बसें में चलाई जाएंगी । प्रदर्शनी मैदान में विशेष डी-एडिक्शन परामर्श केंद्र स्थापित किया जाएगा जिसमें नशे से प्रभावित युवाओं को इलाज की ओर प्रोत्साहित तथा उनके मार्गदर्शन करने के लिए विशेषज्ञ परामर्श देंगे। साफ- सफाई की व्यवस्था को लेकर नगर परिषद कुल्लू द्वारा रात के 12 बजे के बाद मेला परिसर की सफाई करवाई जाएगी ताकि अगले दिन निर्बाध रूप से मेला शुरू हो सके। उन्होंने कहा कि देवताओं के साथ आने वाले बजंतरियों को दी जाने वाली राशि भी सीधे उनके खाते में जमा जाएगी ताकि वे मेले के दौरान अपनी आवश्यकताओं पर खर्च कर सकें।
कुल्लू दशहरा उत्सव के उपलक्ष्य में पूर्वावलोकन (कर्टन रेज़र) जारी -इससे पूर्व कुल्लू दशहरा उत्सव के उपलक्ष्य में पूर्वावलोकन (कर्टन रेज़र) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुन्दर सिंह ठाकुर ने कहा हिमाचल पर्यटकों के स्वागत के लिए पूरी तरह से तैयार है इस अवसर पर दशहरा उत्सव पर एक टीज़र जारी कर, एक कॉफ़ी टेबल पुस्तिका का भी विमोचन किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भी दशहरा उत्सव का कर्टन रेजर जारी किया जाएगा। उन्होंने दशहरा कमेटी की ओर से सभी को दशहरा उत्सव में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निमंत्रण दिया।बैठक की कार्रवाई का संचालन कार्यकारी उपायुक्त एवं उपाध्यक्ष दशहरा उत्सव कमेटी सुरजीत सिंह राठौर ने किया। बैठक में बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी , विधायक आनी लोकेंद्र कुमार ,अध्यक्ष मिल्क फेडरेशन बुद्धि सिंह ठाकुर, अध्यक्ष एपीएमसी रामसिंह मियां, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सेसराम आजाद, नगर परिषद अध्यक्ष आशा ठाकुर, उपाध्यक्ष शालिनी राय, श्रीरघुनाथ के प्रतिनिधि दानवेंद्र सिंह, कारदार संघ के अध्यक्ष दोत राम ठाकुर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक एस , समस्त अधिकारी एवं गैर अधिकारी सदस्य तथा गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Kullu, Kullu | Sep 25, 2026