फिर सजा 1500 लोगों का भोज… न शादी, न श्राद्ध! अमरपुर में पूर्णिमा आते ही क्यों उमड़ पड़ती है इतनी भीड़?
अमरपुर में एक बार फिर ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसे देखकर हर कोई कुछ देर के लिए सोचने पर मजबूर हो गया। एक जगह सैकड़ों की भीड़, बड़े-बड़े बर्तनों में तैयार होता भोजन और फिर कतार में बैठकर भोजन करते लोग… लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही कि आखिर यह भोज किस खुशी में हो रहा है?
न यहां कोई शादी समारोह था और न ही किसी के निधन के बाद होने वाला भोज। इसके बावजूद हर तरफ लोगों की भीड़ नजर आई और देखते ही देखते करीब 1200 से 1500 लोगों ने भोजन ग्रहण किया।
दरअसल, बांका जिले के अमरपुर बाजार स्थित संसार कोकरी प्रांगण में पूर्णिमा के मौके पर एक बार फिर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। पिछले करीब दो वर्षों से प्रत्येक पूर्णिमा को पूर्णिमा सेवा ग्रुप की ओर से इस भंडारे का आयोजन किया जा रहा है।
इस आयोजन में हर बार बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। भोजन ग्रहण करने के बाद लोग माता के दरबार में पहुंचकर अपने और अपने परिवार के सुख-शांति की कामना करते हैं और माता से जीवन के कष्टों को दूर करने की प्रार्थना करते हैं।
इस सेवा कार्य में करीब 12 सदस्य लगातार सहयोग करते हैं। समिति के अध्यक्ष निरंजन गाय के साथ गौतम पोद्दार, गोपी कुमार, उज्ज्वल महतो, पारस कुमार, पवन पंजियारा सहित कई लोग आयोजन को सफल बनाने में जुटे रहते हैं।
यानी जिस भोज को देखकर शुरुआत में हर कोई हैरान रह जाता है, उसके पीछे किसी शादी या मृत्यु का कारण नहीं, बल्कि आस्था, सेवा और मां के दरबार में श्रद्धालुओं के लिए आयोजित होने वाला यह मासिक भंडारा है।
Amarpur, Banka | Jul 30, 2026