जालोर में स्कूल गेट पर स्टूडेंट्स ने लगाया ताला : बोले- टीचर्स के 24 में से 13 पद खाली, पढ़ाई पर हो रहा असर। जालोर के ऐलाना गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की कमी और अव्यवस्थाओं को लेकर शनिवार सुबह छात्रों और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। स्कूल में 24 स्वीकृत पदों में से 13 पद खाली होने और गैर-शैक्षणिक कार्यों में शिक्षकों की ड्यूटी लगाए जाने से नाराज लोगों ने सुबह 10 बजे स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और सड़क जाम कर शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने बताया कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में करीब 450 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। स्कूल में शिक्षकों के कुल 24 पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में 13 पद रिक्त हैं और केवल 11 शिक्षक ही कार्यरत हैं। बाद में अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब दो घंटे बाद ताला खोला गया और प्रदर्शन समाप्त हुआ।
Jalor, Jalor | Jul 11, 2026