कांवड़ मार्ग बना 'हादसों का मार्ग',गड्ढों में डूबे सरकारी दावे हरदोई बाईपास से सराय काइयां तक सड़क बदहाल, बारिश में गड्ढे बने मौत का जाल आरसी मिशन थाने के सामने और मिश्रीपुर चौराहे पर जलभराव, रोज गिर रहे वाहन चालक
शाहजहाँपुर। कांवड़ यात्रा को लेकर सरकार और प्रशासन भले ही बेहतर व्यवस्थाओं के दावे कर रहे हों, लेकिन जिले का प्रमुख कांवड़ मार्ग उन दावों की सच्चाई बयां कर रहा है। हरदोई बाईपास चौराहे से सराय काइयां मोड़ तक सड़क जगह-जगह गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बारिश के बाद मिश्रीपुर चौराहे और आरसी मिशन थाने के सामने सड़क तालाब बन जाती है, जिससे गड्ढे दिखाई नहीं देते और हादसों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक आए दिन बाइक सवार और ई-रिक्शा चालक इन गड्ढों में फंसकर गिर रहे हैं। कई लोग घायल हो चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक केवल मूकदर्शक बना हुआ है। सवाल यह है कि जब मुख्यमंत्री स्वयं कांवड़ यात्रा की तैयारियों की लगातार समीक्षा कर रहे हैं, तब शिवभक्तों के सबसे अहम मार्ग की यह बदहाली आखिर किसकी लापरवाही का नतीजा है? श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सड़क की तत्काल मरम्मत नहीं कराई गई, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर कांवड़ मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की है।
Hardoi, Hardoi | Jul 29, 2026