हिंदी के शब्दों से स्वच्छता का संकल्प, बच्चों ने रचा बदलाव का संदेश
.
भाषा और स्वच्छता के प्रति समर्पण का अनूठा संगम, रचनात्मक प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा और जिम्मेदारी
.
#उन्नाव। औरास विकासखंड स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर गढ़ौवा में हिंदी दिवस और स्वच्छता पखवाड़े का आयोजन केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बच्चों ने हिंदी के शब्दों और स्वच्छता के संकल्प को अपनी रचनात्मकता से जोड़कर इसे जनजागरूकता की पहल बना दिया। प्रार्थना सभा और मध्यावकाश के बाद एक पीरियड में आयोजित चित्रकला, निबंध एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं में बच्चों ने भाषा, कला और पर्यावरण चेतना का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया।
निबंध प्रतियोगिता का विषय ‘स्वच्छता आदत नहीं, जिम्मेदारी हमारी’ रहा। बच्चों ने हिंदी के सुंदर सुलेख और प्रभावी अभिव्यक्ति के माध्यम से स्वच्छता को व्यक्तिगत आदत के बजाय सामाजिक दायित्व के रूप में प्रस्तुत किया। वहीं चित्रों में हरी-भरी धरती, स्वच्छ जल, पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण से बचाव के संदेश दिखाई दिए। स्लोगन प्रतियोगिता में ‘ग्रीन एंड क्लीन उन्नाव’, ‘हरा भारत-स्वच्छ भारत’ और ‘आओ बनाएं सुंदर स्कूल’ जैसे नारों ने बच्चों की सोच को स्वर दिया।
चित्रकला में 25, निबंध में 8 और स्लोगन प्रतियोगिता में 24 बच्चों ने प्रतिभाग किया। चित्रकला में कोमल प्रथम, प्रियंका द्वितीय, स्लोगन में समरीन प्रथम, आशिकी द्वितीय तथा निबंध में आस्था प्रथम, शगुन द्वितीय रहीं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छह बच्चों को शिक्षक इंद्रपाल ने सामान्य ज्ञान की पुस्तकें देकर पुरस्कृत किया। अल्फीसा, दीपाली, नैना, काजल, माही, मयंक, आकाश, मिलन, आशीष और राजकुमार का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा।
शिक्षक प्रदीप कुमार वर्मा ने कहा कि हिंदी केवल अभिव्यक्ति की भाषा नहीं, बल्कि विचारों को समाज तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। जब बच्चे अपनी भाषा में स्वच्छता और पर्यावरण का संदेश रचते हैं, तो उसमें संवेदना और प्रभाव दोनों बढ़ जाते हैं। विद्यालय के सात दिवसीय स्वच्छता पखवाड़े में शिक्षक, रसोइया, बच्चे, ग्राम प्रधान और अभिभावक मिलकर सहभागिता कर रहे हैं। इसी क्रम में बच्चों ने पोषण वाटिका में हरी सब्जियों के बीज रोपे, जो अब अंकुरित हो चुके हैं। हिंदी के प्रति सम्मान और स्वच्छता के प्रति समर्पण से जुड़ी यह पहल बच्चों में सीख को व्यवहार में बदलने की दिशा में एक सार्थक कदम बन रही है।
#TheTelecast
Hardoi, Hardoi | Sep 14, 2026