गिरिडीह ब्रेकिंग: कोलकाता पुलिस की छापेमारी, 60 लाख के डायमंड नेकलेस व सोने के जेवर बरामद
गिरिडीह। कोलकाता के सियालदाह क्षेत्र की टेनियापोखर थाना पुलिस ने गिरिडीह के पचम्बा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर करीब 60 लाख रुपये मूल्य के डायमंड नेकलेस और सोने के आभूषण बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने चोरी के मामले में आरोपी झूपन पासवान को कोलकाता से गिरफ्तार किया था। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर बुधवार देर शाम पचम्बा थाना क्षेत्र के चैताडीह स्थित उसके ससुराल में छापेमारी की गई। इसी दौरान पुलिस ने कथित तौर पर चोरी किए गए डायमंड नेकलेस और सोने के जेवर बरामद किए।
बताया जा रहा है कि आरोपी कोलकाता में एक व्यवसायी के घर पर कुक के रूप में काम करता था। आरोप है कि इसी दौरान वह घर से कीमती आभूषण लेकर फरार हो गया था। मामले में टेनियापोखर थाना में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरिडीह में बरामदगी की कार्रवाई के बाद कोलकाता पुलिस ने स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता ले जाया गया।
फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।
Dhanwar, Giridih | Aug 27, 2026