डाबड़ी के जूनाखेड़ा धाम में भरा वार्षिक मेला, हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई धोक
ओसियां। क्षेत्र के डाबड़ी गांव स्थित जूनाखेड़ा धाम हनुमान मंदिर में मंगलवार को वार्षिक मेले का आयोजन हुआ। मेले में डाबड़ी सहित आसपास के दर्जनों गांवों और जिलेभर से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दोपहर बाद तक जारी रहा।
श्रद्धालुओं ने हनुमानजी के दर्शन कर धोक लगाई और मंदिर की परिक्रमा की। महिलाओं और पुरुषों ने नए परिधानों में सज-धजकर बाबा के दरबार में पहुंचकर सुख-समृद्धि की कामना की। निज मंदिर के आगे बने हवन कुंड में श्रद्धालुओं ने गाय के शुद्ध घी व नारियल की आहुतियां दीं। पूरे दिन धाम परिसर ‘जय बजरंग बली’ के जयकारों से गूंजता रहा।
मेला कमेटी ने संभाली व्यवस्थाएं
मेला कमेटी अध्यक्ष नारायणराम विश्नोई ने बताया कि मेले को लेकर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। आयोजन को सफल बनाने में मुल्तानाराम भादू, पूर्व सरपंच हरचन्दराम, पूनमचन्द, निम्बाराम लोल, मनिराम बांगड़वा, जयप्रकाश, जगदीश जाणी, भागीरथ, मोमराज, अनिल विश्नोई सहित कई गणमान्य लोगों ने सहयोग किया। कमेटी ने सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार जताया।
Osian, Jodhpur | Sep 15, 2026